आकाश मलिक | शामली5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

शामली में लगातार बारिश के बावजूद राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने मेरठ-करनाल हाईवे पर बने गहरे गड्ढों की मरम्मत का काम शुरू कर दिया है। काबदोत पुल के पास सड़क पर बने बड़े गड्ढों के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
इन गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ था। इस समस्या को प्रमुखता से सामने लाने के बाद जिलाधिकारी आलोक यादव ने NHAI अधिकारियों को तत्काल हाईवे को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी के निर्देशों के बाद NHAI की टीम मौके पर पहुंची और मरम्मत कार्य शुरू किया। शनिवार को काबडोत पुल पर कर्मचारियों ने गड्ढों में मरम्मत सामग्री डालकर सड़क को समतल करने का काम शुरू किया।NHAI के कर्मचारी बबलू यादव ने बताया कि यदि मौसम अनुकूल रहा और लगातार बारिश नहीं हुई, तो दो दिनों के भीतर शामली से मेरठ तक पूरे हाईवे को गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है।

मरम्मत कार्य शुरू होने से स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने राहत की सांस ली है। हालांकि, लोगों का कहना है कि अस्थायी मरम्मत के बजाय सड़क की गुणवत्ता को ध्यान में रखते हुए स्थायी समाधान किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने। बारिश के मौसम में हाईवे पर बढ़ते गड्ढे न केवल यातायात को बाधित करते हैं, बल्कि गंभीर दुर्घटनाओं का कारण भी बनते हैं। ऐसे में समय रहते शुरू हुआ यह मरम्मत कार्य यात्रियों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है।
