मेंहदावल में 20 घंटे बिजली गुल,6 बजे दुकानें बंद:संतकबीर नगर में तहसील फीडर ब्लास्ट, रात भर परेशान रही जनता


मेंहदावल में शुक्रवार को तहसील फीडर में केबल ब्लास्ट होने के कारण विद्युत आपूर्ति 20 घंटे तक बाधित रही। बिजली न होने से पूरे दिन और रात शहर अंधेरे में डूबा रहा, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। अस्पताल में मरीज परेशान रहे और व्यापारियों की दुकानें शाम 6 बजे ही बंद हो गईं। सुबह तहसील फीडर में खराबी आने के बाद से ही बिजली गुल हो गई थी। लोग पूरे दिन बिजली के इंतजार में रहे। इनवर्टर कुछ घंटों बाद जवाब दे गए, जिससे बच्चों और मरीजों को काफी परेशानी हुई। रात 9 बजे तक भी आपूर्ति बहाल न होने पर सैकड़ों की संख्या में लोग विद्युत सब स्टेशन पर इकट्ठा होने लगे। उन्होंने स्थानीय विधायक और चेयरमैन जैसे जनप्रतिनिधियों से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनके फोन नहीं उठे। बढ़ती भीड़ और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, उच्चाधिकारियों ने अवकाश पर गए अवर अभियंता (जेई) मनोज श्रीवास्तव को तत्काल बुलाया। जनता ने मांग की कि केवल अवर अभियंता ही इस समस्या को ठीक कर सकते हैं। इसके बाद, जनता की मांग को देखते हुए अधिशाषी अभियंता ने जेई शहर को आने के लिए कहा। अवर अभियंता मनोज कुमार श्रीवास्तव गोरखपुर से तकनीकी कर्मी महबूब के साथ रात 11 बजे सब स्टेशन पहुंचे और मरम्मत कार्य शुरू किया। हालांकि, देर रात करीब डेढ़ बजे ट्रायल के दौरान फीडर फिर से बैठ गया। दोबारा मरम्मत कार्य के बाद, अंततः सुबह 4 बजे विद्युत आपूर्ति बहाल हो सकी। व्यापारी आकाश, विनय, विजय, अमित, सुरेन्द्र और राजू ने बिजली विभाग की निष्क्रियता पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अवर अभियंता को छोड़कर विभाग में कोई अधिकारी काम नहीं करता है। वहीं, अधिशासी अभियंता अभिषेक सिंह यादव ने बताया कि केबल ब्लास्ट के कारण यह दिक्कत आई थी, जिसे ठीक कर दिया गया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *