मैनपुरी में युवती से शादी का झांसा, गर्भपात कराया:अब शादी से इनकार, FIR के बाद भी कार्रवाई नहीं; SSP ऑफिस पहुंची


मैनपुरी के भोगांव थाना क्षेत्र की एक युवती ने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने, गर्भपात कराने और बाद में शादी से इनकार करने के मामले में कार्रवाई न होने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। उसका कहना है कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जा रहा है। पीड़िता के अनुसार, मोहल्ला प्रेम चिरैया, भोगांव निवासी मोहम्मद अली ने उससे शादी का वादा कर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। जब वह गर्भवती हुई, तो उसे शादी का भरोसा दिया गया। हालांकि, आरिफ अली, अहमद अली और रिजवान अली उसे अपने साथ ले गए और उसका गर्भपात करा दिया। इसके बाद मोहम्मद अली की शादी कन्नौज के छिबरामऊ में कर दी गई। जब पीड़िता के परिजनों ने शादी की बात की, तो आरोपियों ने साफ इनकार कर दिया। पीड़िता ने बताया कि उसने 20 जून को भोगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 22 जून और 29 जून को पुलिस अधीक्षक से शिकायत करने पर भोगांव थाने में मुकदमा किया गया। पीड़िता का आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद भी मोहम्मद अली, आरिफ अली, अहमद अली और रिजवान अली को गिरफ्तार नहीं किया गया है। आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और उसके परिजनों के माध्यम से मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। विरोध करने पर उन्हें फर्जी मुकदमों में फंसाने की धमकी भी दी जा रही है। शिकायत में भोगांव थाने के कॉन्स्टेबल विनीत गुर्जर पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पीड़िता का आरोप है कि कॉन्स्टेबल ने उससे कहा कि मुकदमे से तीन नाम हर हाल में निकाल दिए जाएंगे और आरोपियों के घर दबिश नहीं दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, थाना प्रभारी महाराज सिंह भाटी के साथ आरोपियों की फोटो वायरल होने का भी जिक्र करते हुए निष्पक्ष कार्रवाई पर सवाल उठाए गए हैं। पीड़िता ने अपर पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी से मांग की है कि मुकदमे में नामजद आरोपियों के नाम न हटाए जाएं, सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कराई जाए तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर उचित कार्रवाई की जाए।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *