ऑनलाइन बाल अश्लील सामग्री के नेटवर्क का खुलासा:महराजगंज में चार युवक गिरफ्तार, कंप्यूटर और फर्जी आधार कार्ड बरामद


महराजगंज पुलिस ने शुक्रवार शाम ऑनलाइन बाल अश्लील सामग्री के अवैध नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया। साइबर थाना और सिंदुरिया थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, कंप्यूटर उपकरण, फर्जी आधार कार्ड और आपत्तिजनक डिजिटल सामग्री से जुड़े स्क्रीनशॉट बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तथा क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम दीपशिखा वर्मा के नेतृत्व में की गई। साइबर निगरानी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मिली सूचना पर सिंदुरिया थाना क्षेत्र के कसमरिया गांव स्थित अनुज पटेल के घर पर छापेमारी की गई, जहां से चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। यह अभियान महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध ऑनलाइन अपराधों की रोकथाम के तहत चलाया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी टेलीग्राम और एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर फर्जी एवं गुप्त यूजर आईडी बनाकर बाल यौन शोषण से संबंधित आपत्तिजनक सामग्री का अवैध रूप से संग्रह और प्रसार कर रहे थे। प्रारंभिक जांच के अनुसार, वे इस अवैध गतिविधि से आर्थिक लाभ कमाने का भी प्रयास कर रहे थे। अपनी पहचान छिपाने और नई सिम लेने के लिए आरोपी फर्जी पहचान पत्रों का इस्तेमाल करते थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कसमरिया गांव निवासी आकाश शर्मा (19), अरुण गौड़ (20), अनुज पटेल (19) और दिनेश गौड़ (19) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन, एक डेस्कटॉप कंप्यूटर, एक सीपीयू, एक माउस, तीन डेटा केबल, एक इलेक्ट्रिकल एक्सटेंशन बोर्ड, एक फर्जी आधार कार्ड तथा डिजिटल जांच से संबंधित 12 आपत्तिजनक फोटो और वीडियो के स्क्रीनशॉट बरामद किए हैं। चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम तथा पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि इस नेटवर्क से अन्य लोग भी जुड़े थे या नहीं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *