वृद्ध की सोता नाले में डूबने से मौत:फर्रुखाबाद में जानवर चराने गए थे, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा


फर्रुखाबाद के अमृतपुर थाना क्षेत्र के नगला खुशाली गांव में शुक्रवार को 11 बजे एक वृद्ध की सोता नाले में डूबने से मौत हो गई। वह अपने जानवरों को चराने खेत गए थे। मृतक की पहचान 60 वर्षीय बेचेलाल पुत्र मूंगालाल के रूप में हुई है। सुबह करीब 11 बजे वे अपने जानवरों के साथ खेतों की ओर गए थे। सोता नाले के पास उनका पैर फिसल गया और वे नाले में गिर गए। काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। मृतक के पुत्र मनोज ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि जानवर खेत में खड़े हैं, लेकिन पिता नहीं दिख रहे थे। परिवार और ग्रामीणों ने करीब दो घंटे तक खोजबीन की, जिसके बाद सोता नाले में उनका शव मिला। ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला गया और 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने बेचेलाल को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी रजनी ने बताया कि उनके नौ बच्चे हैं। इस घटना से परिवार में दुख का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दर्शन सिंह सोलंकी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पानी में डूबने से मौत की सूचना पर पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *