श्रावस्ती में सपा का PDA सम्मेलन, भाजपा सरकार पर हमला:पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा बोले- धर्म-जाति पर देश बांट रही सरकार


श्रावस्ती के हरिहरपुर रानी विकासखंड के बनघुसरा मोड़ पर शुक्रवार को करीब 2:00 बजे से 4:00 बजे के बीच ‘विश्वकर्मा शिल्पकार पीडीए सम्मेलन लक्ष्य-2027’ का आयोजन किया गया। विश्वकर्मा समाज द्वारा आयोजित इस सम्मेलन में समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान भिनगा विधायक इंद्राणी वर्मा और सांसद राम शिरोमणि वर्मा सहित सपा के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। सम्मेलन को संबोधित करते हुए राम आसरे विश्वकर्मा ने कार्यकर्ताओं से समाजवादी पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने की अपील करते हुए कहा कि पीडीए की एकजुटता ही प्रदेश में बदलाव का मार्ग प्रशस्त करेगी। पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने राम मंदिर चंदा प्रकरण का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि “चोरी बड़े लोगों ने की, लेकिन बड़े चंदा चोरों को बचाया जा रहा है, जबकि छोटे लोगों को बलि का बकरा बनाया जा रहा है।” धर्म के मुद्दे पर उन्होंने कहा, “समाजवादियों के घरों में भगवान राम, भगवान शिव और बजरंगबली की तस्वीरें और मूर्तियां हैं। ऐसे में सबसे बड़े पुजारी समाजवादी लोग हैं, भाजपा कब से पुजारी हो गई?” पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि भारत की पहचान उसकी ‘अनेकता में एकता’ की विरासत रही है, लेकिन मौजूदा सरकार धर्म और जाति के नाम पर समाज को बांटने का काम कर रही है। उन्होंने सवाल किया कि जब देश में प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, राज्यपाल और मुख्यमंत्री सभी हिंदू हैं, तो फिर कौन सा हिंदू राष्ट्र बनाना चाह रहे हैं। सपा के पूर्व मंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा विरासत बचाने के बजाय समाज को धर्म और जाति के आधार पर विभाजित कर राजनीतिक लाभ लेना चाहती है। इस कार्यक्रम में विश्वकर्मा समाज के बड़ी संख्या में लोग और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *