![]()
प्रतापगढ़ के कंधई थाना क्षेत्र के कोनी गांव में जमीन विवाद में किशोर प्रवेश पटेल(14) की मौत के बाद परिजनों ने 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया है। परिजन जिलाधिकारी (DM) को मौके पर बुलाने, भूमि विवाद का स्थायी निस्तारण कराने और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं। शुक्रवार को भी गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। महिलाएं हाथों में “अभियुक्त फरार तो क्यों करें अंतिम संस्कार” लिखी तख्तियां लेकर विरोध प्रदर्शन करती दिखीं। घटना की सूचना पर एसओ आदित्य सिंह, कोहंडौर प्रभारी भूपेश सिंह, एसडीएम पट्टी पूर्णेंदु मिश्र और सीओ मनोज रघुवंशी सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे।
उन्होंने देर शाम तक परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन अपनी मांगों पर डटे रहे। गुरुवार रात करीब 8 बजे अधिकारी वापस लौट गए, हालांकि कंधई पुलिस गांव में तैनात रही।
परिजनों ने एसडीएम को छह सूत्री ज्ञापन सौंपा है। इसमें सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, फरार आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, अन्य आरोपियों के नाम मुकदमे में शामिल करने, पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा, भूमि विवाद का स्थायी निस्तारण और दो बीघा जमीन का पट्टा देने जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं। यह घटना बुधवार को हुई थी, जब विवादित जमीन पर मेड़ बांधने का विरोध करने पर पड़ोसियों ने पृथ्वीपाल पटेल के 14 वर्षीय बेटे प्रवेश, पत्नी प्रमिला देवी और 17 वर्षीय बेटी प्रतिभा पर लाठी और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया था।
हमले में गंभीर रूप से घायल प्रवेश को प्रयागराज रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पिता पृथ्वीपाल की तहरीर पर राहुल, रोहित, सोनू और मंजू के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया था। किशोर की मौत के बाद अब इस मामले में हत्या की धारा भी जोड़ी जाएगी।
Source link
मेड़ बांधने का विरोध में किशोर की हत्या:24 घंटे बाद भी नहीं हुआ अंतिम संस्कार, DM को बुलाने व मुआवजे की मांग