![]()
नोएडा में करंट लगने से 23 वर्षीय बीटेक इंजीनियर आर्यन प्रजापति की दर्दनाक मौत हो गई। वह फर्रुखाबाद जिले के कायमगंज नगर के मोहल्ला कूंचा का निवासी था और नोएडा की एक सोलर पैनल एवं इन्वर्टर निर्माण कंपनी में कार्यरत था। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार, गुरुवार को आर्यन अपनी ड्यूटी पर जा रहा था। रास्ते में बारिश के कारण जलभराव था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह एक नाले में जा गिरा। नाले में हाई-वोल्टेज करंट प्रवाहित हो रहा था, जिससे वह उसकी चपेट में आ गया। आसपास मौजूद लोग करंट के डर से उसे बचाने की हिम्मत नहीं जुटा सके। बिजली कटने के बाद निकाला गया शव सूचना पर पहुंची पुलिस ने पहले बिजली आपूर्ति बंद कराई। इसके बाद आर्यन को नाले से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। उसी दौरान वहां से गुजर रही उसकी एक महिला सहकर्मी ने उसे पहचान लिया और कंपनी को सूचना दी। कंपनी के कर्मचारियों ने आर्यन के मोबाइल फोन के जरिए उसके परिजनों को हादसे की जानकारी दी। पिता के बाद परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहा था आर्यन के पिता संजय प्रजापति का करीब पांच वर्ष पहले निधन हो गया था। इसके बाद आर्यन ने इलेक्ट्रॉनिक्स में बीटेक की पढ़ाई पूरी कर परिवार की जिम्मेदारी अपने कंधों पर उठा ली थी। वह अपनी मां रानी का इकलौता बेटा और परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। वह अविवाहित था। मां और परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़ हादसे की सूचना मिलते ही आर्यन की मां रानी और चाचा मोहित नोएडा के लिए रवाना हो गए, जबकि नोएडा में रह रहे दूसरे चाचा राजीव भी मौके पर पहुंच गए। दादा रामविलास ने बताया कि पिता के निधन के बाद आर्यन ही परिवार का सहारा था। बेटे की असमय मौत से मां गहरे सदमे में है। पति को खोने के बाद जिस बेटे को कठिन संघर्ष कर इंजीनियर बनाया था, उसी के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
Source link
कायमगंज के इंजीनियर की नोएडा में करंट लगने से मौत:ड्यूटी पर जाते समय नाले में गिरा, बिजली कटने के बाद निकाला गया शव