![]()
मिर्जापुर में गुरुवार रात हुई तेज बारिश से शहरवासियों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली, लेकिन बारिश ने नगर की बदहाल सड़कों और जल निकासी व्यवस्था की भी पोल खोल दी। कई इलाकों में जलभराव हो गया, जबकि अमृत जल योजना और सीवर परियोजना के तहत खोदी गई सड़कों पर बने गड्ढों ने राहगीरों और वाहन चालकों की परेशानी बढ़ा दी। गुरुवार रात मौसम ने अचानक करवट ली और तेज बारिश के साथ हवाएं चलीं। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को उमस से राहत मिली। हालांकि बारिश के दौरान कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों को कुछ समय तक अंधेरे और असुविधा का सामना करना पड़ा। जलभराव और धंसी सड़कों से बढ़ा हादसों का खतरा बारिश के बाद शहर की कई सड़कों पर पानी भर गया। अमृत जल योजना और सीवर लाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों पर मिट्टी धंसने से जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं। इससे दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। इमामबाड़ा–विंध्याचल मार्ग पर बना बड़ा गड्ढा नगर के व्यस्त इमामबाड़ा–विंध्याचल मार्ग पर सड़क धंसने से बड़ा गड्ढा बन गया है। इस मार्ग पर दिनभर भारी यातायात रहता है, लेकिन गड्ढे के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई है और कई बार जाम की स्थिति भी बन रही है। स्थानीय लोगों ने मांगी तत्काल मरम्मत स्थानीय नागरिकों का कहना है कि हर बारिश में अधूरे निर्माण कार्य और खराब सड़कें परेशानी का कारण बन जाती हैं। उन्होंने जिला प्रशासन और संबंधित कार्यदायी संस्था से क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि बरसात के मौसम में लोगों को राहत मिल सके।
Source link
मिर्जापुर में बारिश से धंसी सड़कों ने बढ़ाई मुश्किलें:कई इलाकों में जलभराव, बिजली भी प्रभावित रही; तापमान में गिरावट दर्ज