यूपी में 20 IAS अफसरों के ट्रांसफर:तीन महिला अधिकारियों को छह महीने में हटाया, प्रमोशन पाए नए आईएएस अफसरों को मिली पोस्टिंग


योगी सरकार सरकार ने गुरुवार देर रात भारतीय प्रशासनिक सेवा के 20 अधिकारियों का ट्रांसफर किया। नववर्ष के अवसर पर एक जनवरी 2026 को महत्वपूर्ण विभागों में पोस्टिंग पाने वाली राजस्व विभाग की सचिव सुधा वर्मा, चिकित्सा शिक्षा विभाग की सचिव एवं महानिदेशक सारिका मोहन और महानिरीक्षक निबंधन नेहा शर्मा का महज छह महीने 9 दिन की अवधि में ट्रांसफर किया गया है। सूचना एवं संस्कृति विभाग के निदेशक विशाल सिंह से संस्कृति विभाग का काम अवमुक्त किया है। संस्कृति विभाग के विशेष सचिव संजय सिंह को विभाग का निदेशक नियुक्त किया है। जानकारी के मुताबिक सुधा वर्मा की विभाग की प्रमुख सचिव अपर्णा यू से नहीं पट रही थी। उन्हें हटाकर श्रमायुक्त बनाया गया है। चिकित्सा शिक्षा विभाग की सचिव एवं महानिदेशक सारिका मोहन के कामकाज को लेकर भी शिकायतें थी। उन्हें हटाकर आईजी रजिस्ट्रेशन बनाया है। महानिरीक्षक निबंधन नेहा शर्मा को चिकित्सा शिक्षा विभाग में सचिव एवं महानिदेशक बनाया गया है। पूरी लिस्ट देखिए- बिजली संकट के बाद रिया केजरीवाल को हटाया प्रदेश के मध्यांचल क्षेत्र में गंभीर बिजल संकट और बिजली कटौती के कारण जनता के सड़कों पर उतरने की गाज मध्यांचल विद्युत वितरण निगम की एमडी रिया केजरीवाल पर गिरी है। उन्हें हटाकर विशेष सचिव बाल विकास एवं पुष्टाहार के पद पर तैनाती दी है। संदीप भागिया को हटाया, लेकिन प्राइज पोस्टिंग मिली राज्य कर विभाग गौतमबुद्ध नगर के अपर आयुक्त एवं 2018 बैच के आईएएस अफसर संदीप भागिया को हटा दिया है। लेकिन उन्हें मध्यांचल विदुय्ुत वितरण निगम के एमडी जैसे महत्वपूर्ण पद पर पोस्टिंग दी है। राज्य कर विभाग के 60 अधिकारियों ने भागिया के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ और मुख्य सचिव एसपी गोयल से उनकी शिकायत की थी। भागिया पर अधिकारियों के साथ बदसलूकी करने का आरोप है। 14 जून को एक बैठक में उनकी डांट के बाद एक अधिकारी वेद प्रकाश सिंह की तबीयत बिगड़ गई थी, वे बेहोश हो गए थे। संदीप को राज्य कर विभाग से हटाकर एमडी मध्यांचल विद्युत वितरण निगम बनाया है। व्यापारियों की नाराजगी के बाद हटाए गए जग प्रवेश मथुरा-वृंदावन में व्यापारियों की नाराजगी के बाद नगर आयुक्त जग प्रवेश को हटाया गया है। 2018 बैच के आईएएस जग प्रवेश को बीते वर्ष मई में मथुरा- वृंदावन नगर निगम का आयुक्त बनाया था। हाल ही में महोली रोड पर नगर आयुक्त के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया था। निगम कर्मचारियों ने दुकानो के बाहर रखा सामान जब्त किया था। इस दौरान व्यापारियों और नगर आयुक्त की नोक झोंक भी हुई थी। व्यापारियों ने नगर आयुक्त के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। वहीं, शहर में कचरा उठाने वाली कंपनी के कर्मचारियों ने एक कब्रिस्तान की सफाई के दौरान नौ कब्रों और पेड़ो को क्षतिग्रस्त किया था। कंपनी ने मात्र 100 रुपए प्रति कब्र और पेड़ की दर से 3300 रुपए का मुआवजा भुगतान किया। कब्रिस्तान कमेटी ने मामले में नाराजगी जाहिर की थी। बलिया की मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज को मथुरा-वृंदावन नगर निगम का आयुक्त तैनात किया है। राकेश कुमार पटेल को आजमगढ़ में सीडीओ बनाया पीसीएस से आईएएस में पदोन्नत 29 अधिकारियों में से लखनऊ के अपर मंडलायुक्त राकेश कुमार पटेल को आजमगढ़ में सीडीओ बनाया है। मुजफ्फरनगर के अपर जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह को इटावा में सीडीओ नियुक्त किया है। गोंडा के अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार को बलिया में सीडीओ के पद पर तैनात किया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *