रत्नेश गंगवार के सपा में जाने की अटकलें तेज:पीलीभीत में भाजपा नेता के कार्यालय में दिखी मुलायम सिंह की तस्वीर


पीलीभीत की राजनीति में गुरुवार को उस समय हलचल तेज हो गई, जब भाजपा के वरिष्ठ नेता रत्नेश गंगवार के कार्यालय में समाजवादी पार्टी के संस्थापक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की तस्वीर दिखाई दी। इसके बाद उनके समाजवादी पार्टी में शामिल होने की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया। रत्नेश गंगवार पिछले कुछ समय से भारतीय जनता पार्टी के प्रति नाराजगी जाहिर करते रहे हैं। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता धर्मेंद्र यादव समेत कई प्रमुख सपा नेताओं से मुलाकात भी की थी, जिसके बाद से उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर कयास लगाए जा रहे थे। कुछ दिन पहले रत्नेश गंगवार ने मीडिया से बातचीत में स्पष्ट कहा था कि वह अब भाजपा के साथ नहीं रहेंगे। हालांकि, उन्होंने उस समय यह नहीं बताया था कि वह किस राजनीतिक दल में शामिल होंगे। गुरुवार शाम उनके कार्यालय में मुलायम सिंह यादव की तस्वीर दिखाई देने के बाद राजनीतिक गलियारों में उनके समाजवादी पार्टी में शामिल होने की अटकलें और तेज हो गई हैं। हालांकि, रत्नेश गंगवार या समाजवादी पार्टी की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। यदि रत्नेश गंगवार समाजवादी पार्टी का दामन थामते हैं, तो इसे पीलीभीत की राजनीति में भाजपा के लिए बड़ा झटका और सपा के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक बढ़त के रूप में देखा जा सकता है। फिलहाल सभी की नजर उनके अगले राजनीतिक कदम पर टिकी हुई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *