Kanpur Dehat | BJP Dharmpal Gives 2027 Election Winning Mantra To Booth Adhyaksh

कानपुर देहातकुछ ही क्षण पहले

  • कॉपी लिंक

उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार देर शाम करीब 7:30 बजे भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह कानपुर देहात पहुंचे।

पार्टी कार्यालय में जिलाध्यक्ष रेणुका सचान के नेतृत्व में उनका स्वागत किया गया। उसके पहले भोगनीपुर विधानसभा से विधायक व कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने कानपुर देहात के सीमा पर ही उनका स्वागत किया। उसके बाद संगठन महामंत्री ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए नेताओं कार्यकर्ताओं की पाठशाला लगाई।

बीजेपी कार्यालय में संगठन महामंत्री के स्वागत के बाद जिला स्तरीय पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बूथ अध्यक्षों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने बूथ अध्यक्षों को बूथ के माइक्रोमैनेजमेंट, संगठन विस्तार और सोशल इंजीनियरिंग का विस्तृत मंत्र दिया। उन्होंने जोर देकर कहा कि मजबूत बूथ ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है और 2027 के विधानसभा चुनाव में जीत की नींव बूथ स्तर पर ही रखी जाएगी।

धर्मपाल सिंह ने बूथ अध्यक्षों को निर्देश दिए कि प्रत्येक बूथ पर नियमित बैठकें आयोजित की जाएं, उनका एजेंडा तय हो और रजिस्टर का उचित रखरखाव किया जाए।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने नए कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़ने और समाज के हर वर्ग से निरंतर संवाद बनाए रखने पर भी जोर दिया।

उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा में बूथ अध्यक्ष से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने तक का अवसर मिलता है। इसलिए, प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ संगठन के कार्यक्रमों को सफल बनाने में योगदान देना चाहिए।

यह बैठक देर रात करीब साढ़े नौ बजे तक चली, जिसमें संगठन महामंत्री ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति, बूथ प्रबंधन और संगठन की मजबूती के बारे में मार्गदर्शन दिया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला, राज्यमंत्री अजीत पाल, विधायक पूनम शंखवार, एमएलसी अविनाश सिंह चौहान सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *