ई-रिक्शा की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत:कायमगंज-कंपिल मार्ग पर हुआ हादसा, तंबाकू का भुगतान लेने गया था


फर्रुखाबाद जनपद के कंपिल थाना क्षेत्र के नगला फुलू गांव निवासी राहुल यादव (30) की ई-रिक्शा की टक्कर से मौत हो गई। यह घटना कायमगंज-कंपिल मार्ग पर मेदपुर गांव के पास रात करीब 8:30 बजे हुई, जब राहुल बाइक से घर लौट रहा था। टक्कर के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस राहुल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज ले गई, जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर जितेंद्र बहादुर सिंह ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता कल्यान सिंह यादव ने बताया कि राहुल दोपहर में कायमगंज तंबाकू का भुगतान लेने आया था। उन्होंने हाल ही में अपनी तंबाकू की फसल बेची थी, जिसका भुगतान कायमगंज के एक व्यापारी से लेना था। कल्याण सिंह के अनुसार, शाम करीब 5 बजे राहुल ने फोन पर बताया था कि उसे भुगतान मिल गया है और वह घर लौट रहा है। हालांकि, दुर्घटनास्थल से कोई भी राशि बरामद नहीं हुई है।
सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल की। शव का पंचनामा भरकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। राहुल अपने पांच भाइयों में चौथे नंबर पर था। उसके परिवार में पत्नी आराधना और मां विमला देवी हैं। राहुल की 5 महीने की एक बेटी भी है। कंपिल थाना प्रभारी नितिन चौधरी ने बताया कि घटनास्थल की जांच की गई है और दुर्घटना को अंजाम देने वाले ई-रिक्शा की तलाश जारी है। उन्होंने पुष्टि की कि शव का पंचनामा भरकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *