लखनऊ में जोन चार के ZSO को हटाने की मांग:भ्रष्टाचार के आरोपित टैक्स इंस्पेक्टर को क्लीन चिट से पहले ही मिला नया वॉर्ड


लखनऊ नगर निगम में जोन 4 के जोनल सेनेटरी ऑफिसर पंकज शुक्ला को हटाने की मांग भाजपा पार्षद शैलेन्द्र वर्मा ने की है। उन्होंने मामले में नगर आयुक्त गौरव कुमार से शिकायत की है। वहीं, भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे टैक्स इंस्पेक्टर हरी शंकर पांडेय को जांच पूरी हुए बिना ही दोबारा वॉर्ड की जिम्मेदारी सौंप दी गई है। इसने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। भाजपा विधायक ने लगाया था आरोप दरअसल, बीजेपी विधायक ओपी श्रीवास्तव ने टैक्स इंस्पेक्टर हरी शंकर पाण्डेय पर एक महिला भवन स्वामी से म्युटेशन (दाखिल-खारिज) के नाम पर रिश्वत मांगने का सीधा आरोप लगाया था। विधायक की शिकायत के बाद टैक्स इंस्पेक्टर को तत्काल वॉर्ड से हटाकर जोन कार्यालय से अटैच कर दिया गया था। इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच का जिम्मा टैक्स सुप्रीटेंडेंट अजीत राय को सौंपा गया था। जांच अधिकारी ने जब पीड़ित महिला भवन स्वामी को बुलाकर उनके बयान दर्ज किए, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। शुरुआती जांच और पूछताछ में यह साफ हुआ कि टैक्स इंस्पेक्टर ने महिला के म्युटेशन के काम को जानबूझकर लटकाया था। काम में जानबूझकर देरी इसलिए की गई ताकि महिला परेशान हो और दबाव में आकर रिश्वत देने को मजबूर हो जाए। एक तरफ जांच अधिकारी अजीत राय की रिपोर्ट में इंस्पेक्टर द्वारा काम लटकाने और परेशान करने की बात पाई गई, वहीं दूसरी तरफ जांच को अंतिम अंजाम तक पहुंचाए बिना ही इंस्पेक्टर को फिर से फील्ड पर तैनात कर दिया गया है।आरोप लग रहे हैं कि रसूख के बल पर जांच को ठंडे बस्ते में डालने और आरोपित इंस्पेक्टर को बचाने की कोशिश की जा रही है। जांच अधूरी होने के बावजूद इंस्पेक्टर को दोबारा शंकरपुरवा सकेंड वॉर्ड का जिम्मा दे दिया गया है। जोन चार के जेडएसओ को हटाने की मांग बीजेपी पार्षद शैलेंद्र वर्मा ने जोन चार में तैनात जोनल सेनेटरी अफसर पंकज शुक्ला को हटाने के लिए नगर आयुक्त को पत्र लिखा है। उनका आरोप है कि जेडएसओ बीते कई वर्षों से एक ही जिले और एक ही जोन में कार्यरत हैं। उनकी कार्यप्रणाली इतनी खराब है कि हर वॉर्ड में गंदगी का अंबार है। इसे लेकर नगर आयुक्त गौरव कुमार से पत्र लिखकर कहा कि जेडएसओ को तत्काल हटाया जाए।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *