मऊ कोपागंज साइबर पुलिस ने 1.07 लाख रुपये कराए वापस:डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन ठगी के तीन पीड़ितों को मिली राहत


मऊ जिले के कोपागंज थाना की साइबर पुलिस टीम ने ऑनलाइन ठगी के शिकार तीन पीड़ितों को बड़ी राहत दी है। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल 1,07,728 रुपये की ठगी गई धनराशि उनके खातों में वापस कराई है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मऊ के निर्देश पर साइबर अपराध रोकथाम अभियान के तहत की गई। क्षेत्राधिकारी घोसी और थाना प्रभारी कोपागंज के नेतृत्व में साइबर टीम ने समय रहते दर्ज शिकायतों पर सक्रियता दिखाते हुए पीड़ितों की पूरी रकम वापस दिलाने में सफलता हासिल की। पुलिस के अनुसार, फैजल निवासी फतेहपुरताल नरजा, कोपागंज से फोन पर गिरफ्तारी की धमकी देकर 27,812 रुपये ठगे गए थे। इसी तरह रत्नाकर सिंह निवासी शाहबगंज तियरा, चंदौली से 34,916 रुपये और अजीत कुमार निवासी लिलारी भरौली, थाना कोपागंज से 45,000 रुपये अज्ञात साइबर ठगों ने धोखाधड़ी से निकाल लिए थे। तीनों पीड़ितों ने समय रहते राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर अपनी शिकायतें दर्ज कराई थीं। इसके बाद कोपागंज थाना की साइबर पुलिस टीम ने संबंधित बैंकों और वित्तीय एजेंसियों से समन्वय स्थापित किया। इस तालमेल के परिणामस्वरूप, ठगी गई कुल 1,07,728 रुपये की पूरी धनराशि पीड़ितों के खातों में सुरक्षित वापस आ गई। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अज्ञात कॉल, संदिग्ध लिंक या ऑनलाइन लेनदेन के झांसे में न आएं। यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है, तो उसे तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए, ताकि समय रहते कार्रवाई कर धनराशि वापस कराई जा सके।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *