दिव्यांग कल्याण सेवा ट्रस्ट का प्रतिनिधिमंडल डीएम से मिला:मऊ में रोजगार और सुगम्य भवनों की उठाई मांग


मऊ जिले में गुरुवार को ‘दिव्यांग कल्याण सेवा ट्रस्ट, कलेक्ट्रेट कैम्पस’ के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी आनंद वर्धन त्रिपाठी और दिव्यांग कल्याण अधिकारी शांत प्रकाश श्रीवास्तव से मुलाकात की। दोपहर 1 बजे उनके कार्यालय में हुई इस शिष्टाचार भेंट के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने दिव्यांगजनों के सामने आ रही विभिन्न चुनौतियों और अपनी मांगों को लेकर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ट्रस्ट के सदस्यों ने अधिकारियों को पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। सौंपे गए ज्ञापन में जिलाधिकारी से दिव्यांगों के हित में सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के समुचित क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने का निवेदन किया गया। ट्रस्ट ने प्रशासन का ध्यान मुख्य रूप से छह बिंदुओं पर आकर्षित कराया है, जिनमें दिव्यांगजनों के अधिकारों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना शामिल है।अन्य मांगों में प्रशासनिक सहयोग को मजबूत करना, कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से रोजगार से जोड़ना, सरकारी एवं गैर-सरकारी भवनों में हैंड रेलिंग युक्त रैंप जैसी बाधामुक्त सुविधाएं उपलब्ध कराना, जल निगम विभाग में ट्यूबवेल ऑपरेटर के पदों पर दिव्यांगजनों की नियुक्ति और दिव्यांग कल्याण सेवा ट्रस्ट द्वारा प्रस्तावित योजनाओं व कार्यक्रमों को लागू करना शामिल है। इस दौरान समूह के मुख्य ट्रस्टी गुल्लू राम, अध्यक्ष अनिता चौहान, उपाध्यक्ष अभिषेक पाण्डेय, सचिव दुर्गेश कुमार और कोषाध्यक्ष मतीउर्हमान सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने प्रशासन से अपील की है कि दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए इन मांगों पर जल्द से जल्द सकारात्मक कार्रवाई की जाए।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *