![]()
जौनपुर में लगभग 20 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) जयरामपुर का संचालन गुरुवार दोपहर 12 बजे शुरू हो गया। समाजसेवी जज सिंह अन्ना ने फीता काटकर अस्पताल का उद्घाटन किया। यह अस्पताल जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) जौनपुर के विशेष निर्देश पर संचालित किया गया है। उद्घाटन के अवसर पर डॉ. सूर्यभान पटेल ने नारियल फोड़कर शुभारंभ कराया। इस दौरान डॉ. सूर्यभान पटेल, डॉ. सर्वेश मिश्रा, डॉ. पूर्णिमा राव, एएनएम कामना राय और फार्मासिस्ट शिवहरि पाठक सहित कई स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। फिलहाल, अस्पताल में स्थायी चिकित्सक की नियुक्ति नहीं हुई है। सीएचसी बरसठी से रोस्टर व्यवस्था के तहत डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई गई है। 9 जुलाई को डॉ. सर्वेश मिश्रा ने अपनी सेवाएं दीं। अस्पताल का समय 1 अक्टूबर तक सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक और उसके बाद सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया है। हालांकि, पीएचसी में अभी केवल दवाइयां उपलब्ध हैं। बेड, पैथोलॉजी, आवश्यक चिकित्सा उपकरण, बिजली, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। जज सिंह अन्ना ने बताया कि समरसेबल और पंखों सहित कई सामान चोरी हो चुके हैं, जिन्हें शीघ्र उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है। जज सिंह अन्ना ने पीएचसी जयरामपुर के संचालन के लिए वर्ष 2020 से लगातार संघर्ष किया है। उन्होंने पिछले एक माह में जिलाधिकारी, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक और सीएमओ को कई ज्ञापन सौंपे थे। उन्होंने 10 जुलाई से आमरण अनशन की घोषणा भी की थी। अन्ना ने कहा कि अस्पताल का संचालन शुरू होना जनता की बड़ी जीत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक यहां स्थायी डॉक्टर, आवश्यक स्टाफ, चिकित्सा उपकरण और सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो जातीं, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने यह भी बताया कि 10 जुलाई से प्रस्तावित आंदोलन के संबंध में अंतिम निर्णय स्थिति की समीक्षा के बाद लिया जाएगा।
Source link
20 साल के इंतजार के बाद शुरू जयरामपुर पीएचसी:जौनपुर में डॉक्टर और सुविधाओं की कमी