मैनपुरी में झमाझम बारिश, शहर में जलभराव:नगर पंचायत के दावों की खुली पोल, किसानों ने तेज की धान की रोपाई


मैनपुरी के कुरावली में बुधवार दोपहर करीब एक घंटे तक हुई झमाझम बारिश से मौसम सुहावना हो गया। इस बरसात ने जहां लंबे समय से अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे किसानों को राहत दी, वहीं शहर में हुए व्यापक जलभराव ने नगर पंचायत की मानसून पूर्व तैयारियों की पोल खोल दी। दोपहर 12 बजे के आसपास शुरू हुई इस बारिश के कारण तापमान गिरकर लगभग 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। हालांकि, लगातार एक घंटे की बारिश से नगर की मुख्य सड़कें, गली-मोहल्ले और कई निचले इलाके पानी से भर गए। नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बहने लगा, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हाल ही में जिला प्रशासन ने मानसून से पहले नालियों और नालों की सफाई के सख्त निर्देश दिए थे, ताकि बरसात के दौरान जलभराव की स्थिति न बने। लेकिन पहली ही तेज बारिश ने नगर की व्यवस्था की हकीकत उजागर कर दी और नगर पंचायत के दावों पर सवाल खड़े कर दिए। बारिश का सबसे सकारात्मक असर किसानों पर दिखा। क्षेत्र में धान की फसल तैयार हो रही है और किसान लगातार अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे थे। पिछले कई दिनों से हो रही हल्की-फुल्की बारिश खेतों को पर्याप्त पानी नहीं दे पा रही थी। बुधवार की झमाझम बारिश से खेतों में नमी बढ़ी, जिसे किसानों ने धान की फसल के लिए बेहद लाभकारी बताया। इस बारिश का असर बाजारों पर भी साफ दिखाई दिया। सामान्य दिनों में ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में किसान और ग्राहक खरीदारी के लिए कुरावली बाजार पहुंचते हैं, लेकिन बारिश शुरू होते ही बाजारों में सन्नाटा पसर गया। अधिकांश दुकानदार ग्राहकों का इंतजार करते रहे, जबकि ग्रामीण किसान अपने खेतों के काम में जुट गए।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *