रोहित सिंह | सिद्धार्थनगर4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

सिद्धार्थनगर में पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग ने शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगारपरक कंप्यूटर शिक्षा से जोड़ने के लिए ‘ओ’ लेवल और सीसीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना शुरू की है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत संचालित इस योजना में पात्र अभ्यर्थियों को एनआईईएलआईटी (NIELIT) से मान्यता प्राप्त संस्थानों में निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा।
आवेदन की अंतिम तिथि 20 जुलाई निर्धारित की गई है।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी राजन ने बताया कि इस योजना का लाभ केवल उन्हीं पिछड़ा वर्ग के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को मिलेगा, जो किसी अन्य शिक्षण संस्थान से छात्रवृत्ति प्राप्त नहीं कर रहे हैं। आवेदक की वार्षिक पारिवारिक आय एक लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।
साथ ही, उसकी आयु 35 वर्ष से कम और न्यूनतम शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट (10+2) उत्तीर्ण होना अनिवार्य है।
तीन संस्थानों में प्रशिक्षण की व्यवस्था
उन्होंने बताया कि जिले में एनआईईएलआईटी से मान्यता प्राप्त तीन संस्थानों में प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है। देवेन्द्र नाथ इंस्टीट्यूट ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (डीएनआईआईटी) में ‘ओ’ लेवल और सीसीसी दोनों पाठ्यक्रम संचालित होंगे। वहीं, न्यू उमा टेक्निकल डिग्री कॉलेज में सीसीसी तथा उमा टेक्निकल डिग्री कॉलेज में ‘ओ’ लेवल का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
योजना के लिए इच्छुक अभ्यर्थी विभाग की वेबसाइट backwardwelfareup.gov.in और obccomputertraining.upsdc.gov.in पर 20 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन जन सेवा केंद्र, साइबर कैफे या निजी इंटरनेट के माध्यम से भी किया जा सकता है।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने स्पष्ट किया कि ऑनलाइन आवेदन के दौरान सभी सूचनाएं सही दर्ज करना और शैक्षिक व अन्य आवश्यक अभिलेख अपलोड करना अनिवार्य है।
अभ्यर्थियों का आवेदन पूर्ण नहीं
ऑनलाइन आवेदन पत्र की डाउनलोड की गई प्रति को सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ अंतिम तिथि तक जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कार्यालय, द्वितीय तल, कलेक्ट्रेट भवन, सिद्धार्थनगर में जमा करना होगा। केवल ऑनलाइन आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का आवेदन पूर्ण नहीं माना जाएगा।
उन्होंने पात्र युवाओं से समय रहते आवेदन करने की अपील की। अधिकारी ने कहा कि यह योजना युवाओं को आधुनिक तकनीकी दक्षता प्रदान कर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
