रामपुर में रोडवेज बस ने ट्रैक्टर ट्रॉली को मारी टक्कर:किशोरी की मौत, एक ही गांव के 15 गंभीर घायल; भात कार्यक्रम से लौट रहे थे


रामपुर में दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग-24 पर गुरुवार सुबह करीब 5 बजे एक रोडवेज बस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में ट्रॉली में सवार 13 वर्षीय छात्रा प्रियंका की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि 9 महिलाओं सहित 15 लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर थाना सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है। घायलों में राधेश्याम (40), तुलसा (35), आकाशवती (35), छात्रवती (33), फूलवती (50), भगवती (45), जमुना देवी (33), अनारकली (40), विवेक (13), अंशु (3), पिंटू (32), ट्रैक्टर चालक, सुशीला (40), हंसिया (40), राजेश (11) और पप्पू (18) शामिल हैं। मृतका प्रियंका और सभी घायल मुरादाबाद जनपद के थाना मुंडापांडे क्षेत्र के हसनगंज बेलबाड़ी के माजरा के निवासी हैं। वे सभी रामपुर के पसियापुर स्थित वरदान रेस्टोरेंट में आयोजित एक शादी समारोह में भात देकर गुरुवार सुबह अपने गांव लौट रहे थे, तभी यह दुर्घटना हुई। प्रियंका के पिता वीर सिंह (35) मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनके परिवार में तीन बच्चे थे, जिनमें 14 वर्षीय बेटा, 8 वर्षीय बेटी और 13 वर्षीय प्रियंका शामिल थी। थाना प्रभारी ओंकार सिंह ने बताया कि दुर्घटना के बाद बस के परिचालक (कंडक्टर) को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवा दिया है। बस के यात्रियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया, बस में कोई यात्री चोटिल नहीं हुआ था। उन्होंने यह भी बताया कि बस बरेली की दिशा से दिल्ली की तरफ जा रही थी, और ट्रैक्टर-ट्रॉली भी उसी दिशा में थी। बस ने पीछे से टक्कर मारी, जिससे यह दुर्घटना हुई।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *