अयोध्या में 500 बीघा संपत्ति की गद्दी पर संग्राम:आमने-सामने आए दो गुट; पुलिस-पीएसी तैनात


अयोध्या के पूराकलंदर थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव के मजरे मोकलपुर स्थित सत्यराम ज्ञान योग आश्रम की गद्दी को लेकर चल रहा विवाद अब खुलकर सामने आ गया है। आश्रम की गद्दी पर दावा कर रहे फलाहारी बाबा और धर्मेंद्र दास के समर्थकों के बीच तनाव बढ़ने पर शनिवार को संत समाज और ग्रामीणों की महापंचायत बुलाई गई। हालात को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात कर दी। बताया जा रहा है कि आश्रम से जुड़ी करीब 500 बीघा जमीन, बाग और तालाब को लेकर भी विवाद गहरा गया है। पंचायत के दौरान दोनों पक्षों के समर्थकों के आमने-सामने आने की आशंका थी, लेकिन पूराकलंदर पुलिस की सक्रियता से बड़ा टकराव टल गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए उन्हें आमने-सामने होने से पहले ही अलग-अलग दिशा में भेज दिया। एसडीएम बोलीं- मामला न्यायालय में, सभी करें फैसले का इंतजार महापंचायत में तय किया गया कि उपजिलाधिकारी को ज्ञापन देकर मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की जाएगी। उपजिलाधिकारी सोहावल सविता देवी ने कहा कि आश्रम की गद्दी का विवाद दीवानी न्यायालय में विचाराधीन है। ऐसे में कब्जेदारी या किसी भी प्रकार का निर्णय अदालत के आदेश के बाद ही संभव होगा। उन्होंने सभी पक्षों से न्यायालय के आदेश का सम्मान करने और शांति बनाए रखने की अपील की। पूराकलंदर थाना प्रभारी निरीक्षक अश्वनी पांडेय ने बताया कि विवाद की सूचना मिलते ही पुलिस और पीएसी तैनात कर दी गई है। किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। न्यायालय का जो भी आदेश होगा, उसका सख्ती से पालन कराया जाएगा। फिलहाल मोकलपुर स्थित आश्रम परिसर और आसपास के क्षेत्र में पुलिस की निगरानी जारी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *