![]()
मथुरा में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार सुबह चार थाना क्षेत्रों में एक साथ की गई कार्रवाई के बाद हिरासत में लिए गए साइबर फ्रॉड को साइबर ठगी में संलिप्त पाया गया। जिसके बाद अलग अलग थाना क्षेत्र में पकड़े गए 42 आरोपियों को बुधवार देर शाम को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि इन आरोपियों के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी से जुड़ी लगभग 25 शिकायतें दर्ज हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 83 आधार कार्ड, 26 सिम कार्ड, 20 मोबाइल फोन तथा अन्य साइबर ठगी में प्रयोग की जाने वाली सामग्री बरामद की है। दबिश के दौरान मौके से फरार हुए अन्य संदिग्धों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। मंगलवार को चला था 10 घंटे ऑपरेशन मंगलवार सुबह करीब पांच बजे से गोवर्धन, बरसाना, कोसीकलां और शेरगढ़ थाना क्षेत्रों के 28 चिन्हित साइबर हॉट स्पॉट पर एक साथ सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इस अभियान में बड़ी संख्या में पुलिस बल, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और साइबर टीमों ने भाग लिया। एक साथ कई स्थानों पर हुई कार्रवाई से साइबर अपराधियों में हड़कंप मच गया। अभियान के दौरान पुलिस ने 100 से अधिक संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर अलग अलग थानों में पूछताछ की। सभी का सत्यापन कराया गया तथा उनके मोबाइल फोन, दस्तावेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की गई। कई घंटे चली पूछताछ और तकनीकी जांच के दौरान 42 लोगों के खिलाफ साइबर ठगी से जुड़े साक्ष्य मिलने पर उनके विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद बुधवार को उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया। अन्य संदिग्धों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया, हालांकि पुलिस उनके रिकॉर्ड पर भी नजर बनाए हुए है। नेटवर्क का पता लगाने में जुटी पुलिस एसएसपी के अनुसार बरामद किए गए 83 आधार कार्ड, 26 सिम कार्ड और 20 मोबाइल फोन का उपयोग फर्जी बैंक खाते खुलवाने, मोबाइल कनेक्शन लेने और ऑनलाइन ठगी को अंजाम देने में किया जाता था। शुरुआती जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि आरोपी संगठित तरीके से साइबर अपराध कर रहे थे और अलग-अलग राज्यों के लोगों को अपना निशाना बनाते थे। इनके खिलाफ दर्ज शिकायतों का रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है, जिससे पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सके। पुलिस ने जब्त किए गए मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। जांच के जरिए यह पता लगाया जाएगा कि आरोपियों का संबंध किन-किन राज्यों और किन अन्य साइबर गिरोहों से है। साथ ही इनके बैंक खातों, कॉल डिटेल और डिजिटल ट्रांजैक्शन की भी गहन जांच की जाएगी, ताकि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके। एसएसपी ने की अपील एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि अभियान के दौरान कुछ संदिग्ध मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए थे। उनकी पहचान कर ली गई है और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और साइबर अपराध में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। एसएसपी ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी अनजान कॉल, मैसेज, लिंक या ऑनलाइन लेनदेन के झांसे में न आएं। बैंक खाते, ओटीपी, आधार या अन्य व्यक्तिगत जानकारी किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ साझा न करें। यदि किसी प्रकार की साइबर ठगी की आशंका हो या कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस अथवा साइबर हेल्पलाइन पर सूचना दें। यह ठग हुए गिरफ्तार पुलिस कार्यवाही में गोवर्धन थाना क्षेत्र के मढ़ौरा गांव रोड से जुबेर,साजिद, अबूबकर,असगर,अजीम और हैदर को गिरफ्तार किया। इनके पास से 9 फर्जी आधार कार्ड,11 फर्जी सिम और 6 मोबाइल फोन बरामद किए। वहीं शेरगढ़ थाना क्षेत्र के झंझावली गांव के पास से दिलशाद,रिजवान,नाजिम, शाहिद,हैदर और रिहान को गिरफ्तार किया। इनके पास से 6 मोबाइल फोन,8 आधार कार्ड और 7 फर्जी सिम बरामद की। इसके अलावा कोसी थाना क्षेत्र में कोसी शाहपुर रोड से 22 आरोपी पकड़े। साजिद खान,आजाद,तस्लीम,असुद्दीन,जाकिर,अरशद, अफजल,हसीन,तारीफ, आबरून,मुकीम, घोडू, परवेज,आरिफ, आजाद, तालीम, रफीक,जावेद, साफ़ेद,निसार और अंशब के पास से पुलिस ने 58 फर्जी आधार कार्ड बरामद किए। वहीं थाना बरसाना पुलिस ने मुस्तकीम,हनीफ,मौसम,अब्दुल,अजहरुद्दीन,जाहिद,आबिद और जावेद को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 8 आधार कार्ड,8 सिम और 3 मोबाइल फोन बरामद किए।
Source link
मथुरा में 42 साइबर ठग गिरफ्तार:83 आधार कार्ड, 26 सिम-20 मोबाइल बरामद, पुलिस ने सभी को जेल भेजा