विकास अवस्थी | कन्नौज3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

कन्नौज के छिबरामऊ में बाजार खरीदारी करने आई महिला का जेवरों से भरा पर्स चोरी हो गया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आरोपी महिला की पहचान कर उसे कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी गए जेवर, नकदी और पर्स बरामद कर लिया है।
छिबरामऊ तहसील क्षेत्र के ऊंचा गांव निवासी वंदना तिवारी पत्नी मोहित तिवारी 7 जुलाई को बाजार खरीदारी के लिए आई थीं। उनके पास जेवरों से भरा एक पर्स था। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर एक महिला उनका पर्स चोरी कर फरार हो गई।
घटना के बाद वंदना तिवारी ने छिबरामऊ कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली प्रभारी कपिल दुबे ने बाजार क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए। फुटेज के आधार पर आरोपी महिला की पहचान कर ली गई।
बुधवार शाम करीब चार बजे पुलिस ने जीटी रोड स्थित जनता कोल्ड स्टोरेज के पास से आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम भूरी उर्फ लक्ष्मी (40) पत्नी संतोष निवासी ग्राम हिरोंदी, थाना मलावन, जनपद एटा बताया।
पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से एक जोड़ी पायल, 12 बिछिया, दो अंगूठियां, तीन हजार रुपये नकद और चोरी किया गया पर्स बरामद किया है।
कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी महिला का अन्य चोरी की घटनाओं से भी कोई संबंध है या नहीं।
