आईटीआई परीक्षा में डमी परीक्षार्थी बैठाने का आरोप:डीएम ने तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की, जांच रिपोर्ट का इंतजार


महराजगंज के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) माधोनगर में डमी परीक्षार्थी बैठाकर परीक्षा दिलाने का आरोप लगा है। इस शिकायत के बाद जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। जांच टीम ने परीक्षा केंद्र पहुंचकर अभिलेखों और साक्ष्यों की पड़ताल शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता शशि प्रकाश त्रिपाठी, निवासी ग्राम पिपरा मुंडेरी, थाना घुघली ने आरोप लगाया है कि 24 दिसंबर 2025 को राजकीय आईटीआई माधोनगर में हुई परीक्षा में रामसमुझ मेमोरियल औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के छात्र रितेश पटेल की जगह किसी अन्य युवक ने परीक्षा दी। त्रिपाठी का दावा है कि रितेश पटेल उस समय विदेश में थे, फिर भी उन्हें परीक्षा में शामिल दिखाया गया और बाद में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण घोषित कर दिया गया। शिकायतकर्ता ने परीक्षा केंद्र पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को मामले का अहम साक्ष्य बताया है। उन्होंने परीक्षा अवधि की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। त्रिपाठी ने यह भी आरोप लगाया है कि परीक्षा के दौरान विरोध करने पर तत्कालीन प्रधानाचार्य ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और उन्हें परीक्षा केंद्र से बाहर कर दिया था। अनियमितता पर टिप्पणी करने से इनकार इस संबंध में, रामसमुझ मेमोरियल औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के कार्यवाहक ऋतिक गुप्ता ने बताया कि संबंधित छात्र का प्रवेश पत्र उसके परिजन संस्थान से ले गए थे। हालांकि, उन्होंने परीक्षा में किसी भी प्रकार की अनियमितता पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। मामले की जांच के लिए गठित समिति में एसडीएम सदर जितेंद्र कुमार, सीओ सदर अंकुर गौतम और डीआईओएस प्रदीप शर्मा शामिल हैं। समिति ने राजकीय आईटीआई माधोनगर पहुंचकर परीक्षा कक्षों, अभिलेखों और उपलब्ध दस्तावेजों का निरीक्षण किया। एसडीएम सदर जितेंद्र कुमार ने बताया कि जांच निष्पक्ष तरीके से की जा रही है। सभी उपलब्ध साक्ष्यों, अभिलेखों और आवश्यक रिकॉर्ड की पड़ताल की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी भी स्तर पर अनियमितता या फर्जीवाड़ा प्रमाणित होता है, तो संबंधित दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, जांच रिपोर्ट का इंतजार है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *