कुशीनगर में अवैध शराब बिक्री की तस्वीरें सार्वजनिक:पुलिस-आबकारी विभाग पर संरक्षण के आरोप, जांच कर कार्रवाई का आश्वासन


कुशीनगर जिले के तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र में सड़क किनारे स्थित होटलों पर अवैध शराब बिक्री का मामला सामने आया है। मंगलवार देर रात इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों ने नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने स्थानीय पुलिस और आबकारी विभाग की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। वायरल हुई तस्वीरों में होटलनुमा दुकानों पर बोरों में भरकर शराब के पैकेट रखे होने की बात सामने आई है। इन तस्वीरों में शराब के एक विशेष ब्रांड के पाउच और अन्य सामग्री स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर बिना लाइसेंस शराब की बिक्री से कानून-व्यवस्था और सामाजिक माहौल प्रभावित हो सकता है। वायरल तस्वीरों के बाद कुछ स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि इस अवैध शराब कारोबार को कुछ स्थानीय पुलिसकर्मियों का संरक्षण प्राप्त है। हालांकि, इन आरोपों की अभी तक पुष्टि नहीं हो सकी है, क्योंकि पुलिस इस मामले में कुछ भी कहने से बच रही है। स्थानीय नागरिकों ने मामले की निष्पक्ष जांच किसी वरिष्ठ अधिकारी या एजेंसी से कराने की मांग की है। लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब बिक्री की शिकायतें मिलती रही हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई न होने के कारण कारोबारियों के हौसले बढ़े हैं। उनका कहना है कि पुलिस और आबकारी विभाग को होटल, ढाबों और संदिग्ध दुकानों की गहन जांच कर लाइसेंस, स्टॉक और बिक्री व्यवस्था की पड़ताल करनी चाहिए। इस संबंध में जिला आबकारी अधिकारी सुबास प्रसाद से संपर्क किया गया। उन्होंने मामले की जानकारी न होने की बात कही, लेकिन साथ ही आश्वासन दिया कि तुर्कपट्टी क्षेत्र में जल्द ही अभियान चलाकर संदिग्ध दुकानों की चेकिंग कराई जाएगी और नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *