सहारनपुर में महिला से धोखाधड़ी:बिना पढ़ाए दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए, करोड़ों का प्लॉट हड़पा


सहारनपुर में एक महिला से कथित धोखाधड़ी कर करोड़ों रुपये के प्लॉट पर कब्जा करने का मामला सामने आया है। अदालत के आदेश पर पुलिस ने रामपुर मनिहारान क्षेत्र के नंदपुर निवासी रूपेश कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बुधवार सुबह 7 बजे मिली शिकायत के अनुसार, हसनपुर चुंगी निवासी मिताली जैन ने आरोप लगाया है कि उनके पति अमित कुमार जैन और आरोपी रूपेश कुमार के बीच पुराने पारिवारिक संबंध थे। वर्ष 2018 से प्लॉट से जुड़ा एक दीवानी वाद चल रहा था। मिताली जैन के पति की बीमारी के दौरान, आरोपी ने मुकदमे की पैरवी और अपील में प्रतिनिधित्व करने के बहाने मुख्तारनामा बनवाने की बात कही थी। महिला का आरोप है कि 31 जुलाई 2024 को आरोपी ने विश्वास में लेकर उनसे बिना पढ़ाए दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करा लिए। बाद में उन्हें पता चला कि मुख्तारनामे की जगह आरोपी ने कथित तौर पर अपने पक्ष में गिफ्ट डीड (दानपत्र) पंजीकृत करा ली थी और 362.50 वर्गगज का प्लॉट अपने नाम करा लिया। शिकायत में यह भी बताया गया है कि जब महिला ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने 20 अगस्त 2024 को 100 रुपये के स्टांप पेपर पर एक लिखित रसीद दी। इसमें भविष्य में प्लॉट बिकने पर 67 प्रतिशत हिस्सा महिला को और 33 प्रतिशत हिस्सा स्वयं लेने की बात दर्ज थी। हालांकि, जब महिला ने प्लॉट बेचने का प्रयास किया, तो आरोपी ने उसे अपनी संपत्ति बताते हुए इनकार कर दिया। पीड़िता ने बताया कि थाने और वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने अदालत में प्रार्थना पत्र दाखिल किया। एसीजेएम प्रथम के आदेश पर कोतवाली देहात पुलिस ने आरोपी रूपेश कुमार के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस ने कहा है कि दस्तावेजों और साक्ष्यों की जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *