‘2 साल बाद भी नहीं बनीं CM ग्रिड की सड़कें’:नगर निगम की बैठक में महापौर का फूटा गुस्सा, बोलीं- जनता भुगत रही परेशानी


कानपुर नगर निगम मुख्यालय में मंगलवार को महापौर प्रमिला पांडेय और नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। जिसमें सीएम ग्रिड की अधूरी सड़कों और वृक्षारोपण अभियान को लेकर अधिकारियों की जमकर क्लास लगी। महापौर ने साफ कहा कि सीएम ग्रिड की कई सड़कों का शिलान्यास हुए एक से दो साल बीत चुके हैं, लेकिन आज तक निर्माण पूरा नहीं हो सका। इसका खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है। बैठक में अलग-अलग जोनों के अधिशासी अभियंताओं ने निर्माण कार्य की प्रगति बताई। अधिकारियों के मुताबिक, कई स्थानों पर सीवर लाइन, नाले और आरसीसी सड़क निर्माण के कारण काम अधूरा है। लाल बंगला रोड से वीआईपी रोड और पैसिफिक लॉन से जेके फर्स्ट चौराहा तक करीब 1100 मीटर सड़क का निर्माण सितंबर 2026 तक पूरा करने का दावा किया गया। वहीं दीप सिनेमा तिराहे से सोटे बाबा मंदिर तक का निर्माण अब बारिश के बाद ही हो सकेगा। महापौर प्रमिला पांडेय ने नाराजगी जताते हुए कहा कि बरसात के दौरान अधूरी सड़कों पर जलभराव नहीं होना चाहिए। जरूरत पड़ने पर लगातार पंप चलाकर पानी निकाला जाए, ताकि लोगों को दिक्कत न हो। खुले सरिए और मैनहोल पर नगर आयुक्त सख्त नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने मटका तिराहा से ग्वालिन चौराहा तक चल रहे निर्माण कार्य में खुले सरिए और खुले मैनहोल मिलने पर ठेकेदार कंपनी के प्रबंधक से नाराजगी जताई। उन्होंने चेतावनी दी कि इससे बड़ा हादसा हो सकता है। सभी ठेकेदारों से काम पूरा करने की समयसीमा का हलफनामा लेने और तय समय तक काम पूरा न होने पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। बाकरगंज में धंसा डॉट नाला, जेपी पैलेस कराया गया खाली मुख्य अभियंता सिविल ने बैठक में बताया कि बाकरगंज स्थित जेपी पैलेस के पास डॉट नाला धंसने से मिट्टी कटान का खतरा बढ़ गया है। फिलहाल जेपी पैलेस खाली करा दिया गया है और शटरिंग कराकर मिट्टी के कटान को रोकने का काम कराया जा रहा है। साथ ही बरसात को देखते हुए सभी जोनों में सीवर और ड्रेनेज के लिए 5-5 मड पंप तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। 2.61 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य बैठक में 9 से 12 जुलाई तक चलने वाले वृक्षारोपण अभियान की भी समीक्षा हुई। शासन ने नगर निगम को 2.61 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य दिया है, लेकिन नगर निगम ने इसे बढ़ाकर 3.48 लाख 51 पौधे लगाने का फैसला किया है। प्रत्येक वार्ड में कम से कम 500 पौधे लगाए जाएंगे। जगह कम होने पर पार्कों में पौधारोपण होगा। महापौर ने बताया कि जाजमऊ उत्तरी, जाजमऊ दक्षिणी, सनिगवां, चकेरी, दबौली, फजलगंज, कलक्टरगंज, हंसपुरम आवास विकास, स्वर्ण जयंती विहार और कोपरगंज समेत कई वार्डों में बड़े पैमाने पर पौधे लगाए जाएंगे। अभियान में आम, जामुन, कटहल के साथ विलुप्त होती प्रजातियों गूलर, कैथा और जंगल जलेबी के पौधों को भी प्राथमिकता दी जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *