कानपुर देहात में पुलिस ने नाबालिग की शादी रुकवाई:चाइल्ड हेल्पलाइन की सूचना पर पुलिस ने किया रेस्क्यू


कानपुर देहात में पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग की शादी रुकवा दी। चाइल्ड हेल्पलाइन पर मिली सूचना के बाद पुलिस, जिला प्रोबेशन विभाग और अन्य संबंधित टीमों ने संयुक्त अभियान चलाकर बालिका का सुरक्षित रेस्क्यू किया। मामला बरौर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, लगभग 17 वर्षीय एक बालिका ने सूचना दी थी कि उसके माता-पिता उसकी इच्छा के विरुद्ध जबरन शादी कराने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की प्रभारी निरीक्षक रीना गौतम अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। इस अभियान में बरौर थाना पुलिस, जिला प्रोबेशन कार्यालय, चाइल्ड हेल्पलाइन और वन स्टॉप सेंटर सहित अन्य संबंधित विभागों की टीमें भी शामिल थीं। संयुक्त कार्रवाई के दौरान बालिका का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे आवश्यक संरक्षण प्रदान किया गया। रेस्क्यू के बाद बालिका को आगे की विधिक और संरक्षण संबंधी कार्रवाई के लिए बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष प्रस्तुत किया गया। समिति के आदेश के अनुसार आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। कानपुर देहात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बाल विवाह एक सामाजिक कुरीति होने के साथ-साथ कानूनन दंडनीय अपराध भी है। पुलिस ने नागरिकों से आग्रह किया है कि यदि कहीं भी नाबालिग की शादी कराए जाने की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस, डायल-112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 या संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना दें, ताकि समय रहते बच्चों के अधिकारों की रक्षा की जा सके। पुलिस ने यह भी कहा कि जनपद में बाल विवाह के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसी किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *