![]()
बलरामपुर के थाना रेहरा बाजार क्षेत्र में फर्जी दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी से जमीन का बैनामा कराने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी अभियान के तहत की गई। पुलिस के अनुसार, 24 जून को ग्राम सोमरहा पूरे चौधरीपुरवा निवासी शीला देवी ने थाना रेहरा बाजार में तहरीर दी थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि विपक्षीगण ने उनके पति आजाद के नाम दर्ज गाटा संख्या 1886 की तीन डिसमिल और गाटा संख्या 1941 की आबादी की भूमि को हड़पने की साजिश रची। पीड़िता के मुताबिक, आरोपियों ने कूटरचित दस्तावेज तैयार किए और उनके पति को यह कहकर साथ ले गए कि उन्हें केवल बैनामा का गवाह बनना है। लेकिन धोखे से पूरी जमीन का बैनामा आरोपियों के नाम करा लिया गया। शीला देवी की शिकायत के आधार पर थाना रेहरा बाजार में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत चार नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया और विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर मंगलवार को थाना रेहरा बाजार पुलिस ने ग्राम चौधरीपुरवा सोमरहा निवासी आजाद अशरफीलाल भारती पुत्र अशरफीलाल भारती को दतौली बाजार के पास से गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने की। गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक नंदकेश तिवारी और कांस्टेबल हरीश राणा शामिल रहे।
Source link
फर्जी दस्तावेज से जमीन बैनामा मामले में आरोपी गिरफ्तार:बलरामपुर में गवाह बनाने के बहाने हुई थी धोखाधड़ी