रेलवे सुरक्षा बढ़ाने को हर संविदाकर्मी का बनेगा आईडी कार्ड:जीआरपी की नई तैयारी, रेलवे सुरक्षा के लिए बढ़ेंगे थाने और स्कॉर्ट


रेलवे में यात्रियों की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) कई बड़े कदम उठाने की तैयारी कर रही है। अब रेलवे में काम करने वाले हर संविदा कर्मचारी की पहचान करने के लिए उनका फोटो आईडी कार्ड बनाया जाएगा। इसके साथ ही हर ट्रेन में जीआरपी स्कॉर्ट की तैनाती, प्रमुख स्टेशनों पर बैगेज स्कैनर और एक्स-रे मशीनों की उपलब्धता तथा उनके नियमित संचालन पर भी जोर दिया जाएगा। हर संविदाकर्मी की होगी पहचान रेलवे परिसरों में काम करने वाले संविदा कर्मचारियों का सत्यापन सुनिश्चित करने के लिए जीआरपी फोटो पहचान पत्र जारी करेगी। इससे रेलवे परिसर में आने-जाने वाले कर्मचारियों की पहचान आसान होगी और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने में मदद मिलेगी। हर ट्रेन में स्कॉर्ट तैनात करने की तैयारी जीआरपी का लक्ष्य सभी ट्रेनों में सुरक्षा स्कॉर्ट उपलब्ध कराना है। हालांकि वर्तमान में कर्मियों की कमी इसकी सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है। अभी जीआरपी के पास 5,941 कर्मी हैं, जबकि सभी ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त बल की जरूरत महसूस की जा रही है। दो नए अनुभाग और 80 थानों की योजना प्रदेश में जीआरपी का दायरा बढ़ाने की भी तैयारी चल रही है। गाजियाबाद और वाराणसी में दो नए अनुभाग शुरू करने का प्रस्ताव है। इसके बाद प्रदेश में जीआरपी के अनुभागों की संख्या छह से बढ़कर आठ हो जाएगी। इसके अलावा मौजूदा 65 जीआरपी थानों की संख्या बढ़ाकर 80 किए जाने की योजना है। स्टेशनों पर बढ़ेगी सुरक्षा निगरानी यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर बैगेज स्कैनर और एक्स-रे मशीनें स्थापित की जाएंगी। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि ये उपकरण हर समय क्रियाशील रहें। ट्रेनों और रेलवे परिसरों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना पर भी काम किया जा रहा है। तस्करी और अपराध पर रहेगा फोकस जीआरपी ने पिछले कुछ वर्षों में ट्रेनों में लूट, डकैती, चोरी और जहरखुरानी जैसी घटनाओं पर काफी हद तक नियंत्रण पाया है। अब मादक पदार्थों, अवैध शराब, वन्यजीवों की तस्करी, मानव तस्करी, सोना-चांदी की तस्करी और हवाला के जरिए भेजी जाने वाली नकदी जैसे संगठित अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए अतिरिक्त संसाधन और बल बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। विशेष आयोजनों में भी रहेगी अतिरिक्त सतर्कता त्योहारों, बड़े आयोजनों और प्रतियोगी परीक्षाओं के दौरान रेलवे स्टेशनों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए जीआरपी अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करेगी, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा का माहौल मिल सके।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *