![]()
भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश मंत्री रजनी पांडे सोमवार को दोपहर करीब एक बजे बस्ती पहुंचीं। उन्होंने राम मंदिर में दान राशि से जुड़ी अनियमितताओं पर कहा कि इससे भाजपा के जनाधार पर कोई असर नहीं पड़ा है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी। टोल प्लाजा के समीप भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। दैनिक भास्कर से बातचीत में रजनी पांडे ने कहा- भाजपा का कोई ग्राफ गिरता नजर नहीं आ रहा है। प्रभु श्रीराम हमेशा से करोड़ों लोगों के आराध्य रहे हैं और रहेंगे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित कर दी है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा- मैं प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि पर खड़ी हूं। उन्हें शीश नवाकर प्रणाम करती हूं और यहां उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं का हृदय से धन्यवाद देती हूं। महिलाओं को लेकर अपनी प्राथमिकता स्पष्ट करते हुए रजनी पांडे ने कहा कि भाजपा महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी महिलाओं को आगे बढ़ने के अवसर देती है और भाजपा ही वह राजनीतिक दल है जो महिलाओं को सबसे अधिक सम्मान और सुरक्षा देता है। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यकर्ताओं के सहयोग से संगठन को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा। साथ ही, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य पूरी प्रतिबद्धता के साथ किया जाएगा।
Source link
'राम मंदिर दान मामले से भाजपा का ग्राफ नहीं गिरा':प्रदेश मंत्री रजनी पांडे ने बस्ती में कहा- दोषियों पर कार्रवाई होगी