कन्नौज में किसान यूनियन का प्रदर्शन:कोल्ड स्टोरेज भाड़े, फर्जी लाइसेंस के खिलाफ एडीएम को सौंपा ज्ञापन


भारतीय किसान यूनियन महाशक्ति ने कन्नौज में कोल्ड स्टोरेज के मनमाने भाड़े और मंडी समिति में फर्जी लाइसेंस के खिलाफ सोमवार को प्रदर्शन किया। उन्होंने कलक्ट्रेट पहुंचकर एडीएम को ज्ञापन सौंपा और समस्याओं के समाधान की मांग की। संगठन के कानपुर मंडल अध्यक्ष अभिषेक यादव के नेतृत्व में भारतीय किसान यूनियन महाशक्ति के सदस्यों ने सोमवार दोपहर 1 बजे कलक्ट्रेट में नारेबाजी की। उन्होंने छिबरामऊ की नवीन मंडी समिति में व्याप्त अनियमितताओं और फर्जीवाड़े की शिकायत की। इसमें फर्जी लाइसेंस जारी करने, अभिलेखों में छेड़छाड़ और मंडी शुल्क के गबन जैसे गंभीर आरोप लगाए गए। किसान नेताओं ने बताया कि वे इन मामलों को लेकर मंडी के उपनिदेशक को भी शिकायत पत्र दे चुके हैं, लेकिन कोई जांच या कार्रवाई नहीं हुई।
इसी प्रकार, कोल्ड स्टोरेज में आलू किसानों से मनमाना भाड़ा वसूला जा रहा है। उन्होंने इसकी जांच करवाकर एक निश्चित भाड़ा तय करने की मांग की। खरीद केंद्रों पर मक्का खरीद में भी किसानों के साथ मनमानी की जा रही है और उन्हें परेशान किया जा रहा है। किसान नेताओं ने मक्का खरीद केंद्रों की जांच करवाने की मांग की, ताकि किसानों को उनकी फसल का उचित दाम मिल सके। इसके अतिरिक्त, किसान नेताओं ने बिना मानक संचालित स्कूलों की जांच और उन पर कार्रवाई की भी मांग रखी। उन्होंने सवाल उठाया कि जिन स्कूलों में आने-जाने का सिर्फ एक ही गेट है, उन्हें स्कूल चलाने की मान्यता कैसे मिल गई, इसकी भी जांच होनी चाहिए।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *