![]()
मऊ में हिंदू जागरण समिति ने सोमवार को दोपहर 12 बजे भीटी स्थित तमसा नदी पर नए पुल के निर्माण की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। समिति के कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से नगर मजिस्ट्रेट रामबाबू को सौंपा। उन्होंने जर्जर पुल के स्थान पर शीघ्र नया पुल बनाने की मांग की। हिंदू जागरण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुजीत कुमार सिंह ने बताया कि भीटी स्थित तमसा नदी पर बना पुल कई दशक पुराना हो चुका है। इसकी स्थिति काफी जर्जर है और लगातार खराब होती जा रही है, जिससे कभी भी बड़ी दुर्घटना होने का खतरा बना हुआ है। सिंह ने आगे कहा कि यह पुल केवल मऊ शहर ही नहीं, बल्कि पूर्वांचल के कई जनपदों को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। प्रतिदिन हजारों छात्र-छात्राएं, व्यापारी, किसान, कर्मचारी और आम नागरिक इसी पुल से आवागमन करते हैं। जिले के प्रशासनिक अधिकारी भी इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। राष्ट्रीय संगठन मंत्री एडवोकेट रामकृष्ण भारद्वाज और प्रांतीय मंत्री अमित वर्मा ने जोर दिया कि बढ़ते यातायात के दबाव से पुल की स्थिति और अधिक चिंताजनक हो गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते नए पुल का निर्माण नहीं कराया गया तो भविष्य में बड़ी जनहानि हो सकती है। इसलिए जनहित और सार्वजनिक सुरक्षा को देखते हुए तत्काल निर्माण प्रक्रिया शुरू करने की मांग की गई।
समिति का मानना है कि नए पुल के निर्माण से सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित होगा, साथ ही व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और प्रशासनिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। प्रांतीय मंत्री रवि गुप्ता और यूथ ब्रिगेड के अध्यक्ष आर्यन सिंह ने मांग की कि वर्तमान पुल की तकनीकी जांच कर आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएं। उन्होंने नए पुल के निर्माण के लिए बजट स्वीकृत कर जल्द कार्य शुरू कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह पूरे जनपद की जनता की आवश्यकता है। ज्ञापन सौंपते समय एडवोकेट योगेंद्र प्रजापति, राज श्रीवास्तव, आशुतोष सिंह, आदित्य रंजन सिंह, राजकुमार मौर्य, अभिषेक सिंह, रवि सैनी, आकाश ठाकुर, अभिषेक राय, रामकेर भंते, विजय गुप्ता, अभिषेक कुमार, हीरा यादव सहित कई अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
Source link
मऊ में तमसा नदी पर नए पुल की मांग:हिंदू जागरण समिति ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन, जर्जर पुल से दुर्घटना का खतरा