![]()
बहराइच में सैयद सालार मसूद गाजी की दरगाह कमेटी पर हाल ही में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए थे। सोमवार को बड़ी संख्या में दरगाह के खुद्दाम जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने इन आरोपों को नकारते हुए कहा कि दरगाह की जमीनों पर कब्जा करने वाले लोग ही गलत आरोप लगा रहे हैं। खुद्दामों ने जिलाधिकारी को एक ज्ञापन भी सौंपा, जिसमें दरगाह शरीफ की जमीन पर कब्जे और भ्रष्टाचार के आरोपों का जिक्र था। खुद्दामों का आरोप है कि कुछ ठेकेदार दरगाह की करोड़ों रुपये की जमीन पर कब्जा करके बैठे हैं और समिति पर बेबुनियाद भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे हैं। खुद्दामों के अनुसार, ये ठेकेदार पिछले 8-10 वर्षों से दरगाह का बकाया पैसा नहीं दे रहे हैं। दरगाह ने उनके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया है। खुद्दामों ने बताया कि उन पर लगे आरोपों के पीछे एक संगठित गिरोह काम कर रहा है, जिसका उद्देश्य दरगाह की छवि खराब करना है। उन्होंने दावा किया कि ठेकेदारों पर दरगाह का लगभग ढाई करोड़ रुपये से अधिक का बकाया है। खुद्दामों ने जिला प्रशासन से दरगाह की जमीन को कब्जा मुक्त कराने और बकाया धनराशि वसूलने की मांग की। जिलाधिकारी को संबोधित यह ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट राजेश प्रसाद को सौंपा गया।
Source link
दरगाह खुद्दामों ने भ्रष्टाचार के आरोप नकारे:डीएम कार्यालय पहुंचे, बोले – जमीन कब्जाने वाले ठेकेदार लगा रहे झूठे आरोप