पीलीभीत में हाथियों ने खेत में मचाया उत्पात:डीजल इंजन पलटा, किसानों की फसलें रौंदकर किया बर्बाद


पीलीभीत टाइगर रिजर्व (PTR) की माला रेंज से सटे गांवों में जंगली हाथियों का उत्पात जारी है। रविवार रात हाथियों के एक झुंड ने मरौरी गांव में घुसकर एक किसान के खेत में भारी नुकसान पहुंचाया। हाथियों ने सिंचाई के लिए रखा डीजल इंजन पलट दिया और खड़ी फसल को रौंद डाला। मरौरी गांव निवासी किसान रामऔतार (पुत्र बाबूराम) का खेत जंगल की सीमा से सटा हुआ है। रविवार रात करीब 12 बजे माला रेंज से निकलकर जंगली हाथियों का झुंड रामऔतार के खेत में दाखिल हुआ। हाथियों ने खेत में रखे हाई स्पीड डीजल इंजन को क्षतिग्रस्त कर दिया और लहलहा रही फसल को पैरों तले रौंदकर बर्बाद कर दिया। सोमवार सुबह करीब 8:00 बजे जब किसान और ग्रामीण अपने खेतों पर पहुंचे, तो उन्होंने फसल और इंजन को क्षतिग्रस्त पाया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में हाथियों का झुंड अक्सर आबादी और खेतों की ओर आ रहा है। इस कारण किसानों को हर साल आर्थिक नुकसान हो रहा है और रात के समय सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है। परेशान ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों को आबादी क्षेत्र में आने से रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम करने और पीड़ित किसान को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। इस संबंध में पीलीभीत टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर मनीष सिंह ने बताया कि वन विभाग की टीमें अलर्ट पर हैं। जंगली हाथियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ग्रामीणों की सुरक्षा और फसलों के बचाव के लिए गश्त बढ़ा दी गई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *