कानपुर देहात में बदलते मौसम का असर:जिला अस्पताल की ओपीडी में रोज पहुंच रहे 1100 मरीज


कानपुर देहात में मौसम के लगातार बदलते मिजाज के कारण मौसमी बीमारियों का प्रकोप बढ़ गया है। जिला अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन लगभग 1100 मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। तेज बारिश, चिलचिलाती धूप और उमस भरी गर्मी के बीच बड़ी संख्या में लोग इन बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, इन दिनों सबसे अधिक मरीज सीजनल बुखार, वायरल संक्रमण, सर्दी-जुकाम, गले में संक्रमण, सिरदर्द, बदन दर्द और डिहाइड्रेशन की शिकायतें लेकर आ रहे हैं। बदलते तापमान और उमस के कारण बच्चों और बुजुर्गों की रोग प्रतिरोधक क्षमता पर विशेष रूप से असर पड़ रहा है, जिससे वे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। चिकित्सकों का कहना है कि व्यस्त जीवनशैली में लोग खान-पान को लेकर लापरवाही बरत रहे हैं। पर्याप्त मात्रा में पानी न पीना, समय पर भोजन न करना और लंबे समय तक धूप में रहना शरीर में पानी की कमी का कारण बनता है। इससे बुखार और अन्य मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। कई मरीज कमजोरी और चक्कर आने की शिकायत के साथ भी अस्पताल पहुंच रहे हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर की तेज धूप से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और अधिक से अधिक तरल पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी है। इसके अतिरिक्त, ताजा और स्वच्छ भोजन खाने, बाहर की खुली चीजों से परहेज करने तथा बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है। डॉक्टरों ने सलाह दी है कि यदि तेज बुखार, लगातार उल्टी, सांस लेने में तकलीफ या शरीर में अत्यधिक कमजोरी महसूस हो तो घरेलू उपचार के बजाय तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें। उनका कहना है कि समय पर इलाज और सावधानी ही बदलते मौसम में बीमारियों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *