मां गंगा की आरती में शामिल हुए बिहार के राज्यपाल:दशाश्वमेध घाट पर पत्नी संग किया पूजन बोले – अद्भुत रहा विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती


विश्व प्रसिद्ध दशाश्वमेध घाट पर गंगा सेवा निधि द्वारा प्रतिदिन आयोजित होने वाली मां गंगा की भव्य एवं दिव्य आरती में रविवार को बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सय्यद अता हसनैन अपनी पत्नी सबिहा हसनैन के साथ शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने वैदिक परंपरा के अनुसार विधि-विधान से मां गंगा का पूजन-अर्चन किया तथा संध्या आरती का दर्शन कर गहरी आध्यात्मिक अनुभूति व्यक्त की। राज्यपाल निर्धारित समय से पहले ही दशाश्वमेध घाट पहुंच गए थे। गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा ने बताया कि राज्यपाल करीब एक घंटे से अधिक समय तक घाट पर मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने घाट की धार्मिक गतिविधियों को निकट से देखा, मां गंगा के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था का अवलोकन किया तथा गंगा आरती की संपूर्ण प्रक्रिया को अत्यंत ध्यानपूर्वक देखा। उनके आगमन को लेकर घाट पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे और बड़ी संख्या में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहे। 7 मिनट 58 सेकंड का शंखनाद सुन हुए आश्चर्यचकित गंगा आरती प्रारंभ होने से पूर्व प्रसिद्ध शंखवादक राम जन्म योगी ने लगातार 7 मिनट 58 सेकंड तक शंखनाद कर उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके इस अद्भुत एवं दुर्लभ शंखनाद को सुनकर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सय्यद अता हसनैन भी आश्चर्यचकित और भाव-विभोर दिखाई दिए। कार्यक्रम के उपरांत उन्होंने राम जन्म योगी को माला पहनाकर सम्मानित किया तथा उनके इस विलक्षण कौशल की मुक्तकंठ से सराहना की। बोले-मन अत्यंत प्रसन्न और भाव-विभोर हो गया गंगा सेवा निधि की विजिटर बुक में अपने अनुभव साझा करते हुए राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सय्यद अता हसनैन ने लिखा, “आज विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती का अद्भुत अनुभव प्राप्त हुआ। पहले इसके बारे में केवल सुना था, लेकिन आज प्रत्यक्ष दर्शन कर मन अत्यंत प्रसन्न और भाव-विभोर हो गया। भगवती मां गंगा के आशीर्वाद की अनुभूति हुई।”

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *