लेखपाल पर ग्रामीणों की जमीन कब्जाने का आरोप:12 से ज्यादा ग्रामीणों ने तहसीलदार से की शिकायत, लेखपाल बोले- 20 साल पहले खरीदी थी जमीन


एटा के अलीगंज तहसील क्षेत्र के नगला बहादुर गांव में एक लेखपाल पर ग्रामीणों की जमीन पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगा है। करीब एक दर्जन ग्रामीणों ने रविवार को तहसील पहुंचकर तहसीलदार संजय सिंह से शिकायत करते हुए कब्जा रुकवाने और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि जैथरा विकासखंड में तैनात नगला चिड़ियान निवासी लेखपाल शिववीर सिंह अपने भाई-भतीजों के साथ मिलकर उनकी जमीन पर जबरन कब्जा कर रहे हैं। शिकायतकर्ता नेत्रपाल सिंह ने बताया कि मामले की सूचना पहले पुलिस को भी दी गई थी। पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन उसके जाने के बाद फिर से निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया। शिकायतकर्ता अव्वल सिंह ने बताया कि गाटा संख्या 1185 पर कथित रूप से अवैध कब्जा किया जा रहा है। उनका कहना है कि पुलिस की मौजूदगी में काम रुक गया था, लेकिन बाद में दोबारा शुरू कर दिया गया। इस मामले में करीब एक दर्जन ग्रामीणों ने सामूहिक शिकायत दर्ज कराई है। वहीं, लेखपाल शिववीर सिंह ने सभी आरोपों को निराधार बताया। उनका कहना है कि उन्होंने करीब 20 वर्ष पहले इसी गाटा संख्या में 12 बिस्वा जमीन खरीदी थी। यह मिलजुमला गाटा है और वे अपनी खरीदी हुई जमीन पर ही निर्माण करा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जमीन पर पहले से नींव भी भरी हुई है। तहसीलदार संजय सिंह ने बताया कि गाटा संख्या 1185 में लगभग 30 सहखातेदार हैं, जिनमें लेखपाल का परिवार भी शामिल है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला साझा भूमि का प्रतीत होता है। दोनों पक्षों को सरकारी बंटवारे की प्रक्रिया अपनाने और आपसी सहमति से विवाद सुलझाने की सलाह दी गई है। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *