![]()
बदायूं में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ब्रज क्षेत्र के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरन लाल लोधी रविवार को बदायूं पहुंचे। सुबह 10 बजे जिले की सीमा में प्रवेश करते ही उनका स्वागत शुरू हो गया, जो कछला चौराहा तक जारी रहा। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और पुष्पवर्षा के साथ उनका अभिनंदन किया। यह आगमन पार्टी के शक्ति प्रदर्शन में बदल गया। जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता के नेतृत्व में दोपहर 2 बजे तक जिलेभर में कई स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुठी सराय, बिनावर, बदायूं शहर, उझानी और कछला चौराहा जैसे प्रमुख स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने लोधी को फूल-मालाएं पहनाईं। इस अवसर पर सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, पूर्व मंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल, पूर्व विधायक कुशाग्र सागर, धर्मेंद्र शाक्य और प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश यादव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व पदाधिकारी उपस्थित रहे। शहर में पूरन लाल लोधी ने कई वरिष्ठ नेताओं के आवासों पर जाकर उनसे मुलाकात की। उन्होंने उझानी स्थित बाबूजी कल्याण सिंह चौक पर पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके उपरांत, केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा के आवास पहुंचकर उनसे भेंट की। कछला चौराहा पर आयोजित अंतिम स्वागत कार्यक्रम में भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।
पूरन लाल लोधी ने कहा कि भाजपा एक ऐसा संगठन है, जहां एक साधारण कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत और समर्पण के बल पर सर्वोच्च पद तक पहुंच सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका स्वागत किसी व्यक्ति विशेष का नहीं, बल्कि भाजपा की विचारधारा, संगठन और कार्यकर्ता संस्कृति का सम्मान है। लोधी ने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे मिली जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाएंगे। उन्होंने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को भाजपा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। लोधी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अभी से बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करें, घर-घर संपर्क बढ़ाएं और सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाएं।
इस अवसर पर रविन्द्र पाल सिंह, दीपमाला गोयल, जे.के सक्सेना, जगदीश लोनिया, ओम प्रकाश सागर, धीरज सक्सेना, अतेंद्र विक्रम सिंह, सुभाष गुप्ता, बुद्धपाल सिंह, राणा प्रताप सिंह, सुधीर श्रीवास्तव, जोगेंद्र सिंह पटेल, एमपी सिंह राजपूत, उदयवीर दिवाकर, अनुज माहेश्वरी, विश्वजीत गुप्ता, रचना शंखधार, आरती कश्यप, आशीष शाक्य, व अनुभव उपाध्याय आदि लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने सभी जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
Source link
बदायूं पहुंचे बीजेपी ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष:जिलेभर में भाजपाइयों ने ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी से किया स्वागत