अभिजीत सिंह | गोरखपुर9 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय (DDU) ने छात्रों को डिग्री के साथ बेहतर करियर देने की दिशा में एक नई पहल की है। विश्वविद्यालय शैक्षणिक सत्र 2026-27 से अप्रेंटिसशिप एंबेडेड BBA (टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी ऑपरेशंस) शुरू करने जा रहा है।
नई शिक्षा नीति-2020 के तहत तैयार यह जॉब-ओरिएंटेड प्रोग्राम विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट एंड कैटरिंग टेक्नोलॉजी द्वारा संचालित किया जाएगा। इस कोर्स में छात्रों को क्लासरूम लर्निंग के साथ इंडस्ट्री एक्सपीरियंस भी मिलेगा।
पढ़ाई के साथ मिलेगा रियल इंडस्ट्री एक्सपीरियंस
यह प्रोग्राम छात्रों को सिर्फ थ्योरी तक सीमित नहीं रखेगा, बल्कि उन्हें हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री की वास्तविक कार्यशैली से भी जोड़ेगा। कोर्स के दौरान छात्रों को मॉडर्न किचन और सर्विस लैब में प्रैक्टिकल ट्रेनिंग, इंडस्ट्री प्रोजेक्ट्स, ऑन-द-जॉब अप्रेंटिसशिप और देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में हैंड्स-ऑन एक्सपीरियंस का मौका मिलेगा। इससे पढ़ाई पूरी होने तक छात्र इंडस्ट्री के लिए पूरी तरह तैयार होंगे।
अप्रेंटिसशिप के दौरान मिलेगा स्टाइपेंड
इस प्रोग्राम की सबसे बड़ी खासियत यह है कि अप्रेंटिसशिप वाले सेमेस्टर में छात्रों को स्टाइपेंड भी मिलेगा। यानी पढ़ाई के साथ कमाई और प्रोफेशनल एक्सपीरियंस दोनों एक साथ मिलेंगे। इससे छात्रों की स्किल्स मजबूत होंगी और उन्हें करियर की शुरुआत में ही इंडस्ट्री एक्सपोजर मिलेगा।
देश-विदेश में करियर के खुलेंगे नए अवसर
विश्वविद्यालय का कहना है कि इस कोर्स के बाद छात्रों के लिए होटल, रिसॉर्ट, रेस्तरां, टूर एंड ट्रैवल कंपनियां, एयरलाइंस, क्रूज़, इवेंट मैनेजमेंट और अन्य हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में रोजगार के बेहतरीन अवसर उपलब्ध होंगे। इसके अलावा होमस्टे, लोकल टूरिज्म, डिजिटल हॉस्पिटैलिटी सर्विसेज और टूरिज्म स्टार्टअप के जरिए अपना बिजनेस शुरू करने का भी अवसर मिलेगा।
