![]()
सीतापुर के रामकोट थाना क्षेत्र में शनिवार शाम करीब 7 बजे दोस्तों के साथ नहर में नहाने गए एक 16 वर्षीय किशोर की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। परिजनों और ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद किशोर को नहर से बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। थाना क्षेत्र के ग्राम ननसोहा निवासी राम प्रसाद का 16 वर्षीय पुत्र निर्मल शनिवार शाम अपने दो दोस्तों के साथ गांव के बाहर गुजरी नगर के पास स्थित नहर में नहाने गया था। बताया जा रहा है कि नहाने के दौरान तीनों दोस्त आपस में एक-दूसरे को पानी में डुबाने का खेल खेल रहे थे। इसी दौरान निर्मल अचानक नहर के गहरे हिस्से में चला गया और डूबने लगा। निर्मल को पानी में डूबता देख उसके साथ मौजूद दोस्त घबरा गए और तुरंत गांव पहुंचकर परिजनों तथा ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और नहर में किशोर की तलाश शुरू की। काफी देर की मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने निर्मल को नहर से बाहर निकाला। उसे गंभीर हालत में तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। किशोर की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक पीयूष सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
दोस्तों के साथ नहर में नहाने गया किशोर डूबा:सीतापुर में पानी में खेलते समय हादसा, ग्रामीणों ने बाहर निकाला