वारंटी के बजाय दूसरे युवक को उठा लाई पुलिस:हमीरपुर में परिजनों ने थाने में बेरहमी से पिटाई का लगाया आरोप, हालत बिगड़ी; कानपुर रेफर


हमीरपुर जिले की सदर कोतवाली पुलिस पर वारंटी के बजाय उसके हमनाम युवक को गिरफ्तार कर थर्ड डिग्री देने का आरोप लगा है। परिजनों का आरोप है कि थाने में बेरहमी से पिटाई के बाद युवक की हालत बिगड़ गई। उसे पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर कर दिया गया। घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के मेरापुर की है। शनिवार शाम करीब सात बजे पुलिस शिवराज नाम के एक वारंटी को गिरफ्तार करने पहुंची थी। आरोप है कि पुलिस उसी नाम के दूसरे युवक शिवराज सिंह को पकड़कर थाने ले आई। परिजनों का कहना है कि थाने में उसके साथ मारपीट की गई, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। डॉक्टर बोले- शरीर पर चोट के निशान जिला अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने बताया कि पुलिस शिवराज सिंह को घायल अवस्था में लेकर आई थी। यह फिजिकल असॉल्ट का मामला प्रतीत होता है। युवक के सिर, चेहरे और छाती पर चोटें मिली हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए कानपुर रेफर कर दिया गया। युवक और बहन ने लगाए गंभीर आरोप घायल शिवराज का आरोप है कि पुलिस उसे बिना किसी वजह के पकड़कर थाने ले गई, जहां एसएचओ, एसआई और कांस्टेबलों ने मिलकर उसकी पिटाई की। वहीं, उसकी बहन रूपा ने बताया कि एसआई सुरेंद्र पाल सिंह घर आए थे और कहा था कि उनके भाई के खिलाफ वर्ष 2018 के एक मामले में वारंट है। परिवार के समझाने के बावजूद पुलिस उन्हें थाने ले गई। रूपा का आरोप है कि बाद में पुलिस ने स्वीकार किया कि गलती से दूसरे शिवराज को पकड़ लिया गया था। थाना प्रभारी ने मारपीट से किया इनकार सदर कोतवाली प्रभारी राम आसरे सरोज ने बताया कि जिस शिवराज के नाम वारंट था, उसकी जगह उसी मोहल्ले के दूसरे शिवराज को पुलिस पकड़ लाई थी। उन्होंने कहा कि जब युवक को इस बात की जानकारी हुई तो उसने थाने में हंगामा किया। थाना प्रभारी ने मारपीट के आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि पकड़े गए युवक के खिलाफ भी पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। मामले में आगे की जांच की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *