TET परीक्षा देकर लौट रहे अभ्यर्थी की मौत:एटा में तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, घर का इकलौता बेटा था


एटा जिले में टेट की परीक्षा देकर घर लौट रहे एक युवक को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। इस हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना आवागढ़ थाना क्षेत्र के नावली गांव के पास हुई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल युवक को वीरांगना अवंती बाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान फिरोजाबाद जनपद के राठौर नगर आसफाबाद निवासी सोनपाल उर्फ सोनू (30) पुत्र सुरेश चंद्र के रूप में हुई है। वह एटा में टेट की परीक्षा देने आया था और अपनी अपाचे बाइक से घर वापस जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ। मृतक के रिश्तेदार शिवाजीत ने बताया कि सोनू अपने घर का इकलौता बेटा था। उसकी एक छोटी बहन उपासना है। सोनू की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और वे रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे। चौकी प्रभारी वसुंधरा शिवा जादौन ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक गंभीर रूप से घायल हुआ था, जिसे अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अज्ञात वाहन व चालक की तलाश में जांच पड़ताल की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *