बलिया में महिला अपराधों को रोकने की तैयारी:एसपी ने महिला कर्मचारियों के साथ रणनीति बनाई, पुलिसकर्मी करेंगी जागरूक


महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शनिवार को बलिया के पुलिस लाइन सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला ने जनपद के सभी थानों के मिशन शक्ति केंद्र की प्रभारी और महिला कर्मचारियों के साथ यह बैठक की। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक ने महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम, मिशन शक्ति फेज-5 (द्वितीय चरण) के तहत संचालित जागरूकता अभियानों तथा महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने महिला पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सम्मानित नागरिकों एवं महिलाओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करें। अपर पुलिस अधीक्षक ने आगे कहा कि गांवों, कस्बों और शहरी क्षेत्रों में नियमित रूप से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा संबंधी उपायों और पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी दी जाए। बैठक के दौरान महिला बीट कर्मचारियों की बीट बुक का भी निरीक्षण किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक ने अभिलेखों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता, तत्परता एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य केवल अपराधों की रोकथाम ही नहीं, बल्कि महिलाओं में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना और उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना भी है। बैठक में सभी महिला पुलिस कर्मियों को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं सक्रियता के साथ निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *