![]()
फतेहपुर जिले के बकेवर थाना क्षेत्र में रिंद नदी से एक युवक का शव शनिवार को बरामद हुआ है। मृतक की पत्नी ने अपने पति के दोस्त पर हत्या कर शव नदी में फेंकने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्राम जोरिहाना मजरे मथुरापुर निवासी रजनी देवी के अनुसार, उनके पति रामराज निषाद (35) 3 जुलाई की सुबह करीब 9 बजे गांव के ही मनोहर और राजेंद्र के साथ रिंद नदी में नहाने गए थे। रजनी देवी ने अपने शिकायती पत्र में बताया कि मनोहर उनके पति के साथ नदी में नहा रहा था, जबकि राजेंद्र नदी के बाहर बैठा था। दोपहर करीब 12 बजे गांव की शिव कुमारी ने दोनों युवकों को नदी से वापस आते देखा, लेकिन रामराज उनके साथ नहीं थे। पत्नी का आरोप है कि जब उन्होंने मनोहर से पति के बारे में पूछा तो उसने बताया कि रामराज गुम हो गए हैं। परिवार के लोगों ने उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
शनिवार सुबह करीब 6 बजे गांव के पास रिंद नदी में रामराज का शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। रजनी देवी ने आरोप लगाया है कि उनके पति की हत्या की गई और सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को रिंद नदी में फेंक दिया गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस करीब 12 बजे मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
फतेहपुर में नदी से मिला युवक का शव:पत्नी ने दोस्त पर हत्या का आरोप लगाया, बोली- मारकर नदी में फेंका