बाराबंकी में सूने मकान से 13 लाख की चोरी:नकदी और जेवरात पार, फोरेंसिक टीम जांच में जुटी


बाराबंकी के हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र स्थित कनवा गांव में एक सूने मकान से करीब 13 लाख रुपये की चोरी हो गई। चोरों ने घर में रखी 3 लाख रुपये की नकदी और लगभग 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चुरा लिए। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। कनवा गांव निवासी शिव शंकर यादव अपनी पत्नी के साथ हैदरगढ़-बछरावां मार्ग पर स्थित अपने मकान में रहते हैं। वे परचून और खाद्य सामग्री का कारोबार करते हैं। गुरुवार रात लगभग 9:30 बजे दंपति एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ससुराल गए थे और वहीं रुक गए। शुक्रवार सुबह करीब सात बजे जब शिव शंकर यादव और उनकी पत्नी घर लौटे, तो उन्होंने मुख्य दरवाजे के अंदर गैलरी और कमरों के ताले खुले पाए। घर के भीतर सामान बिखरा हुआ था और अलमारी के लॉकर का ताला टूटा हुआ था।

जांच करने पर पता चला कि लॉकर में रखी करीब 3 लाख रुपये की नकदी और लगभग 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण गायब थे। घटना की सूचना तत्काल यूपी-112 पुलिस को दी गई। स्थानीय पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरी का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *