मथुरा में शराबी ने दरोगा की कार पर पत्थर फेंका:गाड़ी का शीशा टूटा, परिवार बाल-बाल बचा


मथुरा के भूतेश्वर चौराहे पर शुक्रवार रात करीब 10 बजे एक नशेड़ी युवक ने जाम से परेशान होकर दरोगा की कार पर पत्थर फेंक दिया। इस घटना में कार का शीशा टूट गया, हालांकि दरोगा, उनकी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्य बाल-बाल बच गए। किसी को चोट नहीं आई। अब विस्तार से पढ़िए पूरा मामला दरोगा अपनी पत्नी को डॉक्टर को दिखाकर वृंदावन लौट रहे थे। श्रीजी बाबा मंदिर के सामने भारी जाम लगा हुआ था, जिससे वाहनों की लंबी कतारें थीं। इसी दौरान जाम में फंसे एक युवक ने अपना आपा खो दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक नशे में था और उसने गुस्से में दरोगा की कार पर पत्थर फेंक दिया, जिससे शीशा टूट गया। घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने आरोपी युवक को पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे हिरासत में लेकर डीग गेट चौकी ले गई। इस दौरान दरोगा के परिवार और आरोपी युवक के बीच लगभग आधे घंटे तक बहस चलती रही, जिससे मौके पर भीड़ जमा हो गई और यातायात भी कुछ समय के लिए बाधित हुआ। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में युवक के नशे में होने की पुष्टि हुई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल रहा, जिसे पुलिस ने जल्द ही नियंत्रित कर लिया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *