विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर-4 पर चली गोली:सिपाही के हाथ से छूटा कार्बाइन,3 युवक घायल, अस्पताल भेजे गये


काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर-4 के पास शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ड्यूटी पर तैनात एक पीएसी जवान की कार्बाइन अचानक हाथ से छूटकर सड़क पर गिर गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार्बाइन गिरने के दौरान अचानक फायर हो गया। बताया जा रहा है कि गोली सीधे किसी व्यक्ति को नहीं लगी, बल्कि सड़क पर लगने के बाद गिट्टी और छोटे पत्थर उछलकर आसपास मौजूद तीन लोगों को जा लगे। इस घटना में माला-फूल का कारोबार करने वाले तीन युवक निक्की गुप्ता, रामबाबू और विकास यादव घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को मंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार सभी की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना नंदू फेरी गेट के ठीक सामने हुई। सुबह मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू होने के दौरान अचानक फायर की आवाज सुनते ही वहां मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित किया और क्षेत्र को सुरक्षित कर लिया। घटना के बाद संबंधित पीएसी जवान को पूछताछ के लिए थाने पर बैठाया गया है। पुलिस अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि कार्बाइन किस परिस्थिति में जवान के हाथ से छूटी और फायर कैसे हुआ।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *