![]()
हरदोई में शुक्रवार को मुख्य विकास अधिकारी (CDO) नेहा ब्याडवाल की अध्यक्षता विकास खंड सांडी की ग्राम पंचायत आदमपुर में ‘ग्रामीण चौपाल’ का आयोजन किया गया। इस दौरान सीडीओ ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी जनसमस्याएं सुनीं और कई विभागों का औचक निरीक्षण भी किया। कार्यक्रम शुक्रवार दोपहर 12:30 बजे बजे शुरू होकर 3:30 बजे तक चला। चौपाल में जन कल्याणकारी योजनाओं का फीडबैक लेते हुए सीडीओ ने समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। सांडी देहात के कोटेदार रामशंकर द्वारा कम राशन देने की शिकायत पर जिला पूर्ति अधिकारी को जांच कर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। संविलियन विद्यालय आदमपुर के निरीक्षण में रसोईघर में वेंटिलेशन की कमी, चूल्हे पर खाना बनने और हैंडवॉश यूनिट ठप मिलने पर प्रधानाध्यापक को ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी किया गया। भानु मिश्रा के घर के पास खराब हैंडपंप को तुरंत रिबोर कराने और नाली सफाई न होने पर दोषी सफाईकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। दिव्यांग बच्चे आयुष को साइकिल दिलाने का जिम्मा खंड शिक्षा अधिकारी को सौंपा गया। स्वास्थ्य शिविर में 50 ग्रामीणों की मुफ्त जांच व दवा वितरण हुआ। बाल विकास विभाग द्वारा अन्नप्राशन व गोदभराई की रस्में भी कराई गईं। सीडीओ ने ‘स्कूल चलो अभियान’ रैली को हरी झंडी दिखाई और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया। आर.आर.सी. सेंटर तथा अस्थायी गौ आश्रय स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं सुधारी गईं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सांडी के निरीक्षण के दौरान भर्ती महिलाओं को फल बांटे गए और प्रभारी को तत्काल फायर NOC लेने व सोलर वाटर टैंक ठीक कराने के निर्देश दिए गए। चौपाल व निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी बिलग्राम एम. राम, बीडीओ सांडी सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Source link
मुख्य विकास अधिकारी ने ग्रामीण चौपाल में सुनीं जनसमस्याएं:कम राशन देने वाले कोटेदार पर कार्रवाई के निर्देश, प्रधानाध्यापक को नोटिस