दानिश, हापुड़।कुछ ही क्षण पहले
- कॉपी लिंक

हापुड़ शहर की प्रमुख सड़कों की बदहाल साइड पटरियां जल्द ही दुरुस्त होंगी। करीब 17.80 करोड़ रुपये की लागत से 15 स्थानों पर इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने और साइड पटरी निर्माण कार्य को मंजूरी मिल गई है। इससे शहर में पैदल चलने वालों को सुविधा मिलेगी और यातायात व्यवस्था भी बेहतर होगी।
सदर विधायक विजयपाल आढ़ती ने बताया कि उनके प्रयासों से मुख्यमंत्री ने इस परियोजना को हरी झंडी दी है। हापुड़ सदर विधानसभा क्षेत्र में शहर की विभिन्न प्रमुख सड़कों पर इंटरलॉकिंग साइड पटरी निर्माण के लिए यह विकास कार्य स्वीकृत हुए हैं। इन कार्यों में बुलंदशहर रोड पर तहसील चौराहे से फिरोज बिल्डिंग और रामपुर रोड की ओर, दिल्ली रोड पर सबली गेट से बालाजी मंदिर तथा कलेक्ट्रेट से अंबेडकर चौराहे तक इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाई जाएंगी। मोदीनगर रोड पर अंबेडकर तिराहे से रेलवे अंडरपास, फ्लाईओवर क्षेत्र और मेरठ रोड मोड़ के आसपास भी साइड पटरी का निर्माण होगा। इसके अतिरिक्त, गढ़ रोड पर रेलवे लाइन से ततारपुर बाईपास तक दोनों ओर इंटरलॉकिंग पटरी बनाई जाएगी। वार्ड-33 में सिकंदर गेट पुलिया से एमएस गार्डन तक और दिल्ली रोड पर तिरुपति गार्डन से सबली गेट तक भी निर्माण कार्य शामिल हैं। विधायक आढ़ती ने कहा कि इन परियोजनाओं से शहर की सड़कें अधिक व्यवस्थित दिखेंगी, राहगीरों को सुरक्षित आवागमन मिलेगा और जलभराव व अतिक्रमण जैसी समस्याओं पर नियंत्रण में मदद मिलेगी।
विधायक विजयपाल आढ़ती ने इन विकास कार्यों की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया। नगरवासियों को अब इन परियोजनाओं के टेंडर और निर्माण कार्य शुरू होने का इंतजार है, ताकि लंबे समय से खराब पड़ी साइड पटरियों की समस्या से राहत मिल सके।
